प्रदेश Featured पंजाब राजनीति

Punjab Election: केजरीवाल का ऐलान, भगवंत मान होंगे आम आदमी पार्टी के सीएम का चेहरा

चंडीगढ़ः आम आदमी पार्टी पंजाब में भगवंत मान का चेहरा आगे रखकर चुनाव लड़ेगी। आप पार्टी की तरफ से पंजाब में भगवंत मान मुख्यमंत्री पद का चेहरा होंगे। पार्टी दिल्ली के मुख्यमंत्री एवं आप सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल ने यह ऐलान पंजाब में करवाई गई ऑनलाइन वोटिंग के आधार पर किया है। इसमें प्रदेश के करीब 22 लाख लोगों के हिस्सा लेने का दावा किया जा रहा है।

21 लाख 59 हजार 437 लोगों ने की वोटिंग

इस घोषणा को पंजाबवासियों तक पहुंचाने के लिए आम आदमी पार्टी ने आज राज्य में जगह-जगह बड़ी स्क्रीन लगाईं। अरविंद केजरीवाल की प्रेस कांफ्रेंस को लाइव दिखाया गया। केजरीवाल ने आज पंजाब दौरे के दौरान चंडीगढ़ से सटे मोहाली में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि 13 जनवरी को एक फोन नंबर जारी करके पंजाबवासियों से ऑन लाइन वोटिंग करवाई थी। यह फोन लाइन 17 जनवरी की शाम पांच बजे तक खुली रही। इसमें 21 लाख 59 हजार 437 लोगों ने वोटिंग की। इस वोटिंग में 93.3 प्रतिशत लोगों ने भगवंत मान के समर्थन में वोटिंग की।

हालांकि कुछ लोगों ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को भी वोट दिया। केजरीवाल ने कहा कि देश के इतिहास में पहली बार आम आदमी पार्टी ने मुख्यमंत्री बनाने के लिए लोगों की राय ली है। देश में पहली बार पंजाब में लोगों की पसंद का मुख्यमंत्री बनेगा। आम आदमी पार्टी ने परिवारवाद और विरासत की राजनीति को खत्म करने के लिए बंद कमरे में मुख्यमंत्री चुनने की परंपरा को खत्म किया है। यह काम भाजपा,कांग्रेस और अकाली दल के वश में नहीं है।

सबसे बड़े नेता बनाकर उभरे भगवंत मान

भगवंत मान पंजाब में आम आदमी पार्टी के सबसे बड़े नेता बनकर उभरे है। भगवंत मान ने 2014 के लोकसभा चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी ज्वाइन की थी और वह संगरूर से चुनाव जीतने में कामयाब रहे थे। 2019 के लोकसभा चुनाव में भगवंत मान जीत दर्ज करने वाले आम आदमी पार्टी के अकेले सांसद बने। आम आदमी पार्टी की पंजाब यूनिट में चल रही टूट को रोकने के लिए भगवंत मान को संयोजक की जिम्मेदारी भी दी गई।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर  पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें…)