देश Featured टॉप न्यूज़

Onam: ओणम का मुख्य पर्व आज, राष्ट्रपति व पीएम मोदी ने देशवासियों को दी बधाई

नई दिल्लीः केरल का मुख्य पर्व 'ओणम' (Onam) आज बड़े ही हर्षोंउल्लास के साथ मनाया जा रहा है। केरल में मनाया जाने वाला ओणम देश में सबसे लोकप्रिय फसल उत्सवों में से एक है। उल्लास के साथ मनाए जा रहे ओणम के मुख्य पर्व को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बधाई दी है। इसके अलावा राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ समेत तमाम नेताओं ने गुरुवार को केरल और दुनिया भर में फैले मलयाली समुदाय को ओणम की बधाई दी।

ये भी पढ़ें..NEET Result 2022: NEET UG के परिणाम घोषित, राजस्थान की तनिष्का अव्वल

राष्ट्रपति मुर्मू ने अपने ट्वीट संदेश में कहा,“देशवासियों, विशेषकर मलयाली बहनों और भाइयों को ओणम (Onam) की बधाई। नई फसल को चिह्नित करने वाला त्योहार, ओणम समानता, निष्पक्षता और सच्चाई के मूल्यों का भी जश्न मनाता है। इस त्योहार की खुशी की भावना सामाजिक सद्भाव को मजबूत करे और सभी के लिए शांति और समृद्धि लाए।”

उपराष्ट्रपति धनखड़ ने ट्वीट संदेश में कहा, “ओणम के पावन अवसर पर मेरी ओर से हार्दिक बधाई। राजा महाबली की स्मृति का सम्मान करने के लिए मनाया जाने वाला ओणम ईमानदारी, करुणा और बलिदान के उच्च मूल्यों का प्रतीक है। ओणम की भावना सभी के जीवन में शांति, समृद्धि और खुशियां लाए।”

प्रधानमंत्री मोदी ने ट्वीट संदेश में कहा, “सभी को, खासकर केरल और दुनिया भर में फैले मलयाली समुदाय के लोगों को ओणम की बधाई। यह त्यौहार प्रकृति मां की महत्वपूर्ण भूमिका और हमारे मेहनती किसानों के महत्व की पुष्टि करता है। ऐसी कामना है कि ओणम हमारे समाज में सद्भाव की भावना को भी आगे बढ़ाए।”

सबसे लोकप्रिय फसल उत्सवों में से एक है ओणम

बता दें कि केरल में मनाया जाने वाला ओणम देश में सबसे लोकप्रिय फसल उत्सवों में से एक है। मलयालम सौर कलैंडर के अनुसार, ओणम का त्योहार चिंगम महीने में मनाया जाता है। चिंगम को मलयालम लोग साल का पहला महीना मानते हैं। वहीं हिंदू कलैंडर के अनुसार देखें तो चिंगम महीना अगस्त या सितम्बर का होता है। इसलिए हर साल यह पर्व अगस्त और सितम्बर के बीच मनाया जाता है। इस बार यह त्योहार 8 सितम्बर (गुरुवार) को मनाया जा रहा है।

वैसे तो ओणम के हर दिन का एक खास महत्व हैं। इस त्योहार में लोग अपने घरों को 10 दिनों तक फूलों से सजा कर रखते हैं और विधि विधान से विष्णु जी और महाबली की पूजा करते हैं। ओणम का यह त्योहार नई फसल के आने की खुशी में भी मनाया जाता है। हालांकि, उत्सव 12 अगस्त को शुरू हुआ और 23 सितंबर तक चलेगा।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)