पूजा और आलिया ने खास अंदाज में किया पिता महेश भट्ट का बर्थडे सेलिब्रेट

मुंबईः मशहूर फिल्म निर्माता, निर्देशक और स्क्रीन राइटर महेश भट्ट आज अपना 73वां जन्मदिन मना रहे हैं। इस खास मौके पर महेश भट्ट के तमाम चाहने वाले उन्हें सोशल मीडिया के जरिये बधाई दे रहे हैं। वहीं उनकी दोनों बेटियां पूजा भट्ट एवं आलिया भट्ट ने पिता महेश भट्ट के बर्थडे को खास तरीके से सेलिब्रेट किया। इस दौरान अभिनेता रणबीर कपूर भी मौजूद थे। पूजा भट्ट ने इस बर्थडे सेलिब्रेशन के कुछ तस्वीरें सोशल मीडिया पर फैंस के साथ साझा करते हुए लिखा-ये बर्थडे ब्वॉय हैं, लेकिन बैठी हुई लड़की को भी नजरअंदाज न करें।’


वहीं आलिया भट्ट ने भी इस सेलिब्रेशन की तस्वीरें इंस्टाग्राम पर शेयर करते हुए अपने पिता को जन्मदिन की बधाई दी है। कंट्रोवर्सी किंग के नाम से मशहूर महेश भट्ट का जन्म 20 सितंबर, 1948 को मुंबई में हुआ था। महेश की प्रारंभिक पढ़ाई डॉन बोस्को हाई स्कूल, माटुंगा से हुई थी। इस दौरान महेश ने पैसे कमाने के लिए पार्ट टाइम जॉब करना शुरू कर दिया। 20 साल की उम्र में उन्होंने विज्ञापन लेखन का काम शुरू कर दिया था। स्ट्रगलिंग के दिनों में महेश बीते जमाने की दिवंगत अभिनेत्री स्मिता पाटिल और सुपरस्टार विनोद खन्ना के सेक्रेटरी भी रह चुके हैं। महेश भट्ट ने दो शादियां की हैं। उन्होंने पहली शादी लॉरेन ब्राइट से की। शादी के बाद लॉरेन ब्राइट का नाम किरण भट्ट हो गया। दोनों के दो बच्चें पूजा भट्ट और राहुल भट्ट है। पहली शादी में दरार आने के बाद महेश ने दूसरी शादी अभिनेत्री सोनी राजदान से की। इनसे भी महेश की दो बेटियां हैं शाहीन भट्ट और आलिया भट्ट।

यह भी पढ़ें-चरणजीत सिंह चन्नी ने ली मुख्यमंत्री पद की शपथ, समारोह में…

महेश भट्ट ने 26 साल की उम्र में बतौर निर्देशक फिल्म ‘मंजिलें और भी हैं’ से बॉलीवुड में कदम रखा। इस फिल्म के बाद महेश ने नया दौर, लहू के दो रंग, अर्थ, सारांश, नाजायज, दिल है कि मानता नहीं आदि फिल्मों का सफल निर्देशन किया। साल 1996 में महेश ने बतौर निर्माता फिल्म पापा कहते हैं को प्रोड्यूस किया और फिल्म जगत में निर्दशक के साथ -साथ निर्माता के रूप में भी अपनी पहचान बनाई। बतौर निर्माता महेश ने राज, साया, फुटपाथ आदि फिल्मों का निर्माण किया। महेश भट्ट ने बतौर लेखक बॉलीवुड कि कई फिल्मों की कहानी लिखी है। जिनमें संघर्ष, कसूर, पाप, जिस्म, जहर, गैंगस्टर,वो लम्हें आदि शामिल हैं। महेश ने बॉलीवुड में एक से बढ़कर एक शानदार फिल्में दी हैं। महेश ज्यादातर बोल्ड विषयों पर मसालेदार फिल्म बनाते हैं।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर  पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें…)