प्रदेश मध्य प्रदेश क्राइम

जहरीली शराब पर सियासत तेज, पूर्व मुख्यमंत्री ने मांगा आबकारी मंत्री से इस्तीफा

liquor

भोपालः मंदसौर जिले के खकराई गांव में जहरीली शराब पीने से हुई मौतों पर सियासत तेज हो गई है। कांग्रेस इस मामले में लगातार आक्रामक बनी हुई है। अब पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने इस मामले को लेकर आबकारी मंत्री जगदीश देवड़ा से इस्तीफा मांगा है।

पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने आबकारी मंत्री जगदीश देवड़ा से इस्तीफे की मांग की है। बुधवार को दिग्विजय सिंह ने ट्वीट कर कहा कि अवैध शराब का धंधा पुलिस और आबकारी विभाग के संरक्षण में चलता है और करोड़ों की रिश्वत प्रति माह वसूली जाती है। क्या आबकारी मंत्री जी को अपने ही निर्वाचन क्षेत्र में धड़ल्ले से चल रहे अवैध शराब के धंधे की जानकारी नहीं थी? क्या यह संभव है? क्या मंत्री जी को इस्तीफा नहीं देना चाहिए?

  यह भी पढ़ेंः-पानी में तैरता मिला एक व्यक्ति और बच्चे का शव, जांच में जुटी पुलिस

इससे पहले एक और ट्वीट में दिग्विजय सिंह ने कहा कि प्रदेश में अवैध शराब का धंधा बहुत जोरों से चल रहा है। जनवरी 2021 में नूराबाद थाना मुरैना में 26 लोगों की जान गई। अब स्वयं आबकारी मंत्री के विधानसभा क्षेत्र मल्हारगढ़ में 11 लोगों की मौत का समाचार है। दिग्विजय से पहले पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने मामले में सरकार को घरते हुए जहरीली शराब पीने से मौतों के आंकड़े बढ़ने और आंकड़ों को छिपाने के आरोप लगाए थे।