विशेष Featured

'लड़की हूं लड़ सकती हूं' पर सियासी तकरार

भोपालः उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने लड़की हूं लड़ सकती हूं नारा दिया है। इस पर मध्य प्रदेश में सियासी तकरार छिड़ गई है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा ने इस नारे को कांग्रेस की बटवारे की सोच का प्रतीक बताया है तो वहीं कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अरुण यादव ने भाजपा के बेटी पढ़ाओ के नारे को जुमला करार दिया है। कांग्रेस के उत्तर प्रदेश के चुनाव में दिए गए नारे 'लड़की हूं लड़ सकती हूं', पर मध्य प्रदेश में कांग्रेस ने भी अभियान शुरू किया है। इस पर तंज सकते हुए भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष शर्मा ने कहा, कांग्रेस पार्टी हमेशा समाज को बांटने और एक-दूसरे से लड़ाने का काम करती रही है। 'लड़की हूं तो लड़ सकती हूं' यह नारा कांग्रेस की इसी सोच का परिचायक है, जो समाज को बांटने, विघटन लाने का एक और प्रयास है। जबकि भारतीय जनता पार्टी जो काम करती है, उनसे समाज में सकारात्मक परिवर्तन आते हैं और मध्य प्रदेश में बेटियों का बढ़ता प्रतिशत इसका जीवंत उदाहरण है।

प्रदेश अध्यक्ष शर्मा ने कहा कि कांग्रेस 'बेटी है तो लड़ सकती है' की बात करके समाज को विभाजित करने और लड़ाने की बात कर रही है। जबकि भाजपा की सोच है कि 'बेटी है तो पढ़ सकती है'।

उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश में शिवराज सिंह चौहान और केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली भाजपा की सरकारें बेटियों को बचाने से लेकर उन्हें पढ़ाने तक के प्रयास कर रही हैं। मध्यप्रदेश में पहले जहां 1000 बेटों पर 912 बेटियां हुआ करती थीं, शिवराज सरकार की लाड़ली लक्ष्मी और अन्य योजनाओं के परिणामस्वरूप अब प्रदेश में 1000 बेटों पर 958 बेटियां हैं।

शर्मा ने कहा कि मेरा सभी से आग्रह है कि कांग्रेस के इस नारे पर न जाएं, बेटियों को पढ़ने दें और उन्हें देश के लिए कुछ करने दें। लड़ने-लड़ाने की बात न करें।

यह भी पढ़ेंः-कड़ाके की सर्दी से अभी नहीं मिलेगी राहत, तीन दिन तक मौसम में बदलाव की उम्मीद नहीं

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष शर्मा के बयान पर कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अरुण यादव ने कहा कि, बेटी पढ़ाओ अभियान सिर्फ एक जुमला साबित हुआ है। महिला सशक्तिकरण समिति की रिपोर्ट के अनुसार 'बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ' स्कीम में 2016- 2019 के दौरान जारी किए गए कुल 446.72 करोड़ रुपये में से लगभग 80 प्रतिशत खर्च सिर्फ विज्ञापनों पर किया गया।

वहीं मध्य प्रदेश में भी कांग्रेस की महिला इकाई ने 'लड़की हूं लड़ सकती हूं' अभियान ' मकर संक्रांति पर लॉन्च किया है। इसी अभियान को लेकर भाजपा ने हमला बोला है।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर  पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें…)