सीएम आवास पर धरना देने निकले दिग्विजय सिंह को पुलिस ने रोका, गरमाई राजनीति

भोपालः टेम सिंचाई परियोजना से डूब में आने वाले गांव और विस्थापितों के मुआवजा को लेकर सियासत होने लगी है। सरकार इन्हें कलेक्टर गाइडलाइन के अनुसार मुआवजा दे रही है। प्रभावित इसे कम बताकर विरोध कर रहे हैं। प्रभावितों के समर्थन में दिग्विजय सिंह भी आ गए हैं। इस संबंध में दिग्विजय सिंह ने मुलाकात के लिए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से समय मांगा था। एक दिन पहले मुलाकात का समय देने के बाद गुरुवार को सीएम ने इंकार कर दिया। जिससे नाराज पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने सीएम हाउस के सामने धरने का ऐलान किया था।

पूर्व सीएम और राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह गुरुवार सुबह 11 बजे श्यामला हिल्स पर स्थित अपने शासकीय आवास से पैदल मार्च करते हुए मुख्यमंत्री आवास के लिए निकले। इस दौरान पूर्व मंत्री और विधायक पीसी शर्मा समेत बड़ी संख्या में समर्थक उनके साथ थे। सीएम हाउस से करीब एक किलोमीटर पहले ही पुलिस ने दिग्विजय सिंह को रोक दिया। पुलिस ने यहां बैरिकेडिंग कर रखी है। दिग्विजय यहां समर्थकों के साथ दूरदर्शन केंद्र के सामने ही धरने पर बैठ गए।

पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ भी डूब प्रभावितों की समस्याओं के निराकरण के लिए दिग्विजय सिंह के धरने में शामिल हुए। कमलनाथ ने कहा कि कांग्रेस डूब प्रभावितों के साथ है। कुछ देर दिग्विजय से चर्चा के बाद कमल नाथ धरना स्थल से रवाना हो गए। यहां मीडिया से बातचीत करते हुए कमलनाथ ने कहा कि आज भोपाल में टेम व सुठालिया परियोजना के डूब प्रभावितों की समस्याओं के निराकरण हेतु पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह द्वारा सीएम हाउस के बाहर दिये जा रहे धरने में शामिल होकर डूब प्रभावितों को समर्थन दिया। कांग्रेस डूब प्रभावितों के साथ है और उनके हर संघर्ष में उनके साथ खड़ी है।

यह भी पढ़ेंः-‘Pushpa’ की सफलता के बाद अब राम चरण की धमाकेदार फिल्म ‘रंगस्थलम’ रिलीज को तैयार

उल्लेखनीय है कि दिग्विजय ने टेम और सुठालिया बांध मुद्दे पर बात करने के लिए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को पत्र लिखकर समय मांगा था। मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से उन्हें सीएम से मुलाकात के लिए 21 जनवरी को सवा 11 बजे का समय निर्धारित किए जाने की सूचना दी गई थी, जिसे गुरुवार को निरस्त कर दिया गया। अब मुख्यमंत्री शिवराज ने दिग्विजय को 23 जनवरी दोपहर 12 बजे मुलाकात का समय दिया है।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर  पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें…)