उत्तर प्रदेश Featured राजनीति

पीएम मोदी बोले- पहले अपराधी खेल खेलते थे, अब योगी जी उनके साथ जेल-जेल खेल रहे

Kanpur: Prime Minister Narendra Modi addresses while inaugurating the various developmental projects, in Kanpur, Uttar Pradesh on December 28, 2021. (Photo: PIB/IANS)
यूनिवर्सिटी

मेरठः उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को मेरठ को मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय का तोहफा दिया। इसके बाद प्रधानमंत्री मोदी ने सीधे विरोधियों पर जमकर हमला भी बोला। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को कहा कि पहले की सरकारों में उत्तर प्रदेश में अपराधी अपना खेल खेलते थे। पहले यहां अवैध कब्जों के टूर्नामेंट होते थे। बेटियों पर फब्तियां कसने वाले खुलेआम घूमते थे। जबकि अब योगी सरकार अपराधियों के साथ जेल-जेल खेल रही है।

डबल इंजन की सरकार युवाओं और क्षेत्र की सामर्थ्य बढ़ाने में लगी है। प्रधानमंत्री मोदी मेरठ जिले के ग्राम सलावा में मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय के शिलान्यास के बाद जनसभा को संबोधित कर रहे थे। प्रधानमंत्री ने कहा कि अब उप्र में असली खेल को बढ़ावा मिल रहा है। प्रदेश के युवाओं को दुनिया में छा जाने का मौका मिल रहा है। खेल विश्वविद्यालय के निर्माण से यहां खिलाड़ी पूरी दुनिया पर राज करेंगे।

ये भी पढ़ें..अरविंद केजरीवाल बोले-भाजपा ने श्मसान बनाया, सपा ने बनाया कब्रिस्तान, ‘आप’ बनायेगा शिक्षा का मंदिर

बता दें कि उत्तर प्रदेश के प्रथम खेल विश्वविद्यालय के शिलान्यास के लिए मेरठ पहुंचे प्रधानमंत्री ने सबसे पहले औघड़नाथ मंदिर में पूजा-अर्चना की और इसके बाद शहीद स्मारक जाकर 1857 की क्रांति के शहीदों को नमन किया। प्रधानमंत्री इसके बाद शिलान्यास कार्यक्रम में पहुंचे। शिलान्यास से पहले उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित 32 खिलाड़ियों से बातचीत कर उनका हौसला भी बढ़ाया। प्रधानमंत्री ने कहा कि 700 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह आधुनिक विवि दुनिया के श्रेष्ठ खेल विवि में से एक होगा। जहां युवाओं को खेलों से जुड़ी अंतर्राष्ट्रीय सुविधाएं मिलेंगी। करियर के रूप में स्पोर्ट्स को अपनाने के लिए जरूरी चीज का निर्माण करेगी। क्रांतिवीरों की नगरी खेल वीरों की नगरी के रूप में भी अपनी पहचान को सशक्त करेगी।

प्रधानमंत्री ने कहा कि मेरठ और आसपास के क्षेत्रों के लोग कभी भूल नहीं सकते कि लोगों के घर जला दिए जाते थे। पहले की सरकार अपने खेल में लगी रहती थी। पहले सरकारों के खेल का ही नतीजा था कि लोग अपना पुश्तैनी घर छोड़कर पलायन के लिए मजबूर हो गए थे। पांच साल पहले इसी मेरठ की बेटियां शाम होने के बाद अपने घर से निकलने से डरती थीं। आज मेरठ की बेटियां पूरे देश का नाम रोशन कर रही हैं। मेरठ के सोतीगंज बाजार में गाड़ियों के साथ होने वाले खेल का भी "दि एंड" हो रहा है।

पूर्ववर्ती सरकारों की आलोचना

मोदी ने कहा कि ये खेल विवि देश की खेल संस्कृति को विकसित करने के लिए नर्सरी का काम करती हैं। पहली स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी मणिपुर में बनाई। कई खेल संस्थान आधुनिक बनाए गए। हायर एजूकेशन का श्रेष्ठ संस्थान देश को मिला है। खेल से जुड़ी सर्विस और सामान का वैश्विक बाजार लाखों करोड़ रुपये का है। विदेशों में खेल सामान मेरठ से निर्यात होता है। लोकल से ग्लोबल बना रहा है। देश में अनेक ऐसे स्पोर्ट्स को विकसित किया जा रहा है ताकि देश स्पोर्ट्स सामान और उपकरणों के निर्माण में भी आत्मनिर्भर बन सके।

नई शिक्षा नीति में भी खेल को प्राथमिकता दी गई है। पहले खेल अलग एक्टिविटी थी, अब खेल भी विषय होगा। उसका भी विशेष महत्व होगा। प्रदेश के युवा बहुत प्रतिभावान है। प्रदेश में डबल इंजन सरकार कई विवि की स्थापना कर रही है। महायोगी गुरु गोरखनाथ आयुष विवि गोरखपुर, डॉ. राजेंद्र प्रसाद विधि विवि प्रयागराज, लखनऊ में फोरेंसिक विवि, अलीगढ़ में राजा महेंद्र प्रताप विवि, सहारनपुर में मां शाकंभरी विवि बन रहे हैं। युवा रॉल मॉडल बनें और अपने मॉडल पहचानें भी।

युवाओं को यह कहकर ना टाल दें। सरकार की भूमिका अभिभावक की होती है। यह कहकर ना टाल दें कि लड़कों से गलती हो जाती है। विपक्ष पर तंज कसते हुए पीएम मोदी ने कहा, पहले यहां अपराधी अपना खेल खेलते थे, अवैध खेलों के टूर्नामेंट होते थे, पहले की सरकार अपने ही खेलों में लगी रहती थी। लेकिन अब योगी सरकार अपराधियों के साथ जेल जेल खेल रही है। भाजपा सरकार युवाओं को रोजगार दे रही है। लाखों युवाओं का इसका लाभ दिया गया है। अटल जयंती पर योगी सरकार विद्यार्थियों को टेबलेट, स्मार्टफोन दे रही है।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर  पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें…)