Budget 2025 : वित्त वर्ष 2025-26 के लिए आम बजट शनिवार को पेश किया गया है। इस बजट पर अपनी पहली प्रतिक्रिया देते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) ने इसे आम लोगों का बजट बताया है। उन्होंने कहा कि मैं वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और उनकी टीम को जनता के इस बजट के लिए बधाई देता हूं।
Budget 2025 : 140 करोड़ भारतीयों की आकांक्षाओं का बजट
पीएम मोदी ने कहा, “आज भारत की विकास यात्रा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है। यह 140 करोड़ भारतीयों की आकांक्षाओं का बजट है, यह हर भारतीय के सपनों को पूरा करने वाला बजट है। हमने युवाओं के लिए कई सेक्टर खोले हैं। आम नागरिक विकसित भारत के मिशन को आगे बढ़ाने वाला है। यह बजट बचत बढ़ाएगा, निवेश बढ़ाएगा, खपत बढ़ाएगा और विकास को भी तेजी से बढ़ाएगा। मैं वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और उनकी टीम को जनता के इस बजट के लिए बधाई देता हूं।”
उन्होंने कहा, “आमतौर पर बजट का फोकस इस बात पर होता है कि सरकार का खजाना कैसे भरा जाएगा, लेकिन यह बजट उसके ठीक उलट है। देश के नागरिकों की जेब कैसे भरी जाएगी, उनकी बचत कैसे बढ़ेगी और वे विकास में कैसे भागीदार बनेंगे, इसकी बहुत मजबूत नींव यह बजट रखता है। इस बजट में सुधार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं।”
ये भी पढ़ेंः- Budget 2025: स्वास्थ्य क्षेत्र को बड़ी सौगात, कैंसर जैसी कई गंभीर बीमारियों की दवाएं होंगी सस्ती
Budget 2025: PM मोदी ने किन दो जीजों का किया जिक्र
पीएम मोदी ने कहा कि मैं दो चीजों को बहुत महत्वपूर्ण मानता हूं। इंफ्रास्ट्रक्चर का दर्जा देने से भारत में बड़े जहाजों के निर्माण को बढ़ावा मिलेगा, आत्मनिर्भर भारत अभियान को गति मिलेगी। यह सबसे ज्यादा रोजगार देने वाला सेक्टर है। यहां पर्यटन की बहुत संभावनाएं हैं। हम 50 महत्वपूर्ण पर्यटन स्थलों पर होटल बनाएंगे, इन्हें पहली बार इंफ्रास्ट्रक्चर के दायरे में लाने से पर्यटन को बहुत बल मिला है। हॉस्पिटैलिटी सेक्टर रोजगार का बहुत बड़ा क्षेत्र है।
पीएम ने कहा, “आज देश विकास के साथ-साथ विरासत के मंत्र को लेकर आगे बढ़ रहा है। इस बजट में भी इसके लिए बहुत ठोस कदम उठाए गए हैं। एक करोड़ पांडुलिपियों के संरक्षण के लिए ज्ञान भारतम मिशन शुरू किया गया है। इसके साथ ही भारतीय ज्ञान परंपरा से प्रेरित राष्ट्रीय भंडार बनाया जाएगा। पारंपरिक ज्ञान से अमृत निकालने का काम किया जाएगा।”