PM Modi Mauritius Visit : मॉरीशस के राष्ट्रपति धर्मवीर गोखूल ने बुधवार को राजधानी पोर्ट लुइस में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को देश के सर्वोच्च सम्मान ‘द ग्रैंड कमांडर ऑफ द ऑर्डर ऑफ द स्टार एंड की ऑफ़ द इंडियन ओशन’से सम्मानित किया। पीएम मोदी को मिला यह 21वां अंतरराष्ट्रीय सम्मान है। प्रधानमंत्री ने पूरी विनम्रता और कृतज्ञता के साथ इस पुरस्कार को स्वीकार किया और इसे उन पूर्वजों और उनकी सभी पीढ़ियों को समर्पित किया जो सदियों पहले भारत से मॉरीशस आए थे।
PM Modi ने दोहराई अपनी प्रतिबद्धता
मॉरीशस के राष्ट्रीय दिवस समारोह के दौरान सम्मानित प्रधानमंत्री ने हार्दिक आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सिर्फ उनका सम्मान नहीं है बल्कि 1.4 अरब भारतीयों का सम्मान है। यह भारत और मॉरीशस के बीच सदियों पुराने सांस्कृतिक और ऐतिहासिक संबंधों का सम्मान है। साथ ही प्रधानमंत्री ने अपनी प्रतिबद्धता दोहराई कि वे भारत-मॉरीशस रणनीतिक साझेदारी को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए हर संभव प्रयास करते रहेंगे।
PM Modi ने प्रदान किया ओसीआई कार्ड
मॉरीशस के प्रधानमंत्री नवीन चंद्र रामगुलाम ने कल एक सामुदायिक कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मोदी को अपने देश के सर्वोच्च सम्मान से सम्मानित करने की घोषणा की थी। उन्होंने कहा था कि प्रधानमंत्री मोदी इस सम्मान के सच्चे हकदार हैं। इसी कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मोदी ने भारत सरकार की ओर से राष्ट्रपति और उनकी पत्नी मीना को ‘ओवरसीज सिटीजन ऑफ इंडिया’ (ओसीआई) कार्ड प्रदान किया। यह कार्ड भारत में आवागमन के लिए वीजा सुविधा प्रदान करता है और भारतीय मूल के विदेशी नागरिकों को दिया जाता है।
ये भी पढ़ेंः- India Mauritius Deal: भारत-मॉरिशस के बीच इन 8 समझौतों पर बनी सहमति
PM Modi Mauritius Visit : 8 समझौतों पर बनी सहमति
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनके मॉरीशस समकक्ष नवीनचंद्र रामगुलाम की मौजूदगी में बुधवार को आठ सहमति पत्रों (MoUs) पर हस्ताक्षर किए गए। ये अपराध जांच, समुद्री यातायात निगरानी, बुनियादी ढांचा कूटनीति, वाणिज्य, क्षमता निर्माण, वित्त और समुद्री अर्थव्यवस्था समेत कई क्षेत्रों से संबंधित हैं।