Home अन्य Independence Day 2024: पीएम मोदी ने लाल किले से देश को दिया...

Independence Day 2024: पीएम मोदी ने लाल किले से देश को दिया ये संदेश, जानें प्रधानमंत्री के भाषण की बड़ी बातें

pm-modi-independence-day-speech

Independence Day 2024, नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर गुरुवार को लाल किले पर लगातार 11वीं बार तिरंगा फहराया। इसी के साथ ही पीएम मोदी पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को पीछे छोड़ दिया। मनमोहन सिंह ने 2004 से 2014 के दौरान लाल किले की प्राचीर से 10 बार तिरंगा फहराया था। इस मामले में मोदी पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू और इंदिरा गांधी के बाद तीसरे स्थान पर पहुंच गए हैं।

इस मौके पर लाल किले की प्राचीर से देशवासियों को संबोधित करते हुए देश को आजादी दिलाने वाले स्वतंत्रता सेनानियों को नमन किया। इस दौरान करीब 1 घंटे 41 मिनट तक देश को संबोधित किया। प्रधानमंत्री ने महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराध, भ्रष्टाचार, न्याय व्यवस्था में सुधार, बांग्लादेश के हालात समेत कई मुद्दों पर बात की।

Independence Day 2024: PM मोदी के भाषण की बड़ी बातें

पीएम मोदी ने कहा कि आज जो लोग पूरी निष्ठा से, पूरी लगन से राष्ट्र की रक्षा और राष्ट्र निर्माण में जुटे हैं, देश को नई ऊंचाइयों पर ले जाने का प्रयास कर रहे हैं, चाहे वो हमारे किसान हों, हमारे जवान हों, हमारे युवाओं का साहस हो, हमारी माताओं-बहनों का योगदान हो, दलित हों, शोषित हों, वंचित हों, पीड़ित हों, अभावों के बीच भी आजादी के प्रति उनकी निष्ठा, लोकतंत्र के प्रति उनकी निष्ठा, ये पूरे विश्व के लिए एक प्रेरणादायी घटना है। मैं आज ऐसे सभी लोगों को आदरपूर्वक नमन करता हूं।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि अगले पांच साल में मेडिकल की पढ़ाई के लिए 75 हजार नई सीटें बनाई जाएंगी। उन्होंने यह भी कहा कि विकसित भारत के साथ-साथ हमें स्वस्थ भारत भी बनाना है। मोदी ने कहा कि हमने पिछले 10 साल में मेडिकल की सीटें बढ़ाकर करीब-करीब एक लाख कर दी हैं। हर साल 25 हजार युवा मेडिकल की पढ़ाई करने विदेश जाते हैं। वे ऐसे-ऐसे देशों में जाते हैं कि मैं उनके बारे में सुनकर हैरान रह जाता हूं। उन्होंने ऐलान किया कि हमने तय किया है कि अगले पांच साल में मेडिकल लाइन में 75 हजार नई सीटें बनाई जाएंगी।

ये भी पढ़ेंः- Independence Day 2024: PM Modi ने लाल किले पर लगातार 11वीं बार फहराया तिरंगा, मनमोहन सिंह को छोड़ा पीछे

पीएम मोदी ने कहा कि मैंने सपना देखा है कि 2047 तक विकसित भारत के सपने में सामान्य मानवी के जीवन में सरकार का दखल कम हो। जहां सरकार की जरूरत हो, वहां कमी न हो और सरकार का अनावश्यक प्रभाव न हो। मोदी ने कहा कि दुनिया में सबसे तेज गति से करोड़ों लोगों को कोविड का टीका लगाने का काम हमारे देश में हुआ।

प्रधानमंत्री मोदी ने गुरुवार को कहा कि करीब 10 करोड़ नई महिलाएं स्वयं सहायता समूहों से जुड़कर परिवार की निर्णय प्रक्रिया का अभिन्न हिस्सा बन गई हैं और व्यापक सामाजिक बदलाव लाने में योगदान दे रही हैं। मोदी ने कहा कि हमें यह देखकर गर्व होता है कि महिलाएं आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन रही हैं। उन्होंने कहा कि जब महिलाएं आत्मनिर्भर बनती हैं तो वे परिवार की निर्णय प्रक्रिया में भाग लेती हैं और इससे महत्वपूर्ण सामाजिक बदलाव सुनिश्चित होता है।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर(X) पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)

Exit mobile version