Home देश PM Modi ने गठबंधन पर बोला जमकर हमला, कहा- झारखंड के तीन...

PM Modi ने गठबंधन पर बोला जमकर हमला, कहा- झारखंड के तीन दुश्मन-झामुमो, कांग्रेस और आरजेडी

pm-modi-attacked-the-alliance

जमशेदपुरः झारखंड विधानसभा चुनाव (Jharkhand Assembly Elections) से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Prime Minister Narendra Modi) ने रविवार को जमशेदपुर के गोपाल मैदान में राज्य में सत्तारूढ़ गठबंधन पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि झारखंड के तीन दुश्मन हैं। इनके नाम हैं झारखंड मुक्ति मोर्चा, कांग्रेस और राष्ट्रीय जनता दल (Jharkhand Mukti Morcha, Congress and Rashtriya Janata Dal)। झारखंड की जनता जितनी जल्दी इन दुश्मनों को पहचान लेगी, झारखंड का भाग्य उतना ही सुनिश्चित होगा।

आपके भरोसे को कायम रखने में कसर नहीं छोड़ेंगे

भारतीय जनता पार्टी की परिवर्तन रैली को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि मैं लोकसभा चुनाव के दौरान झारखंड आया था। उस समय आपके आशीर्वाद ने बड़े झूठ, बड़ी अफवाहों, झूठ बोलने की मशीन और देश को बांटने और तोड़ने वाली ताकतों पर विजय पाई। उन्होंने कहा कि आपको मोदी पर भरोसा है। मध्यम वर्ग को मोदी पर भरोसा है। मोदी इस भरोसे को कायम रखने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे।

प्रधानमंत्री ने भारत माता की जय के नारे लगाए और कहा कि हमारा रिश्ता अपनत्व का है। झारखंड का सपना भाजपा का अपना सपना है हमने पिछड़े आदिवासी युवाओं की चिंता की। उनकी शिक्षा के लिए एकलव्य विद्यालय बनाए। भाजपा ने आदिवासी समाज की एक महिला को देश का राष्ट्रपति बनाया। अब तक सरकारें सिर्फ खनिज संपदा से भरपूर झारखंड से पैसे वसूलती थीं। हमने डीएमएफ बनाया। हमने आपको आपका हक दिलाया।

झारखंड में घुसपैठ एक बड़ा मुद्दा

मोदी ने कहा कि कांग्रेस झारखंड से नफरत करती है। कितने दशकों तक दिल्ली में बैठकर देश पर राज किया। उन्होंने देश के दलित, पिछड़े और आदिवासी समाज को कभी आगे नहीं बढ़ने दिया। प्रधानमंत्री ने कहा कि ये लोग स्वार्थ और सत्ता के लिए किसी भी हद तक जा सकते हैं। ये जेएमएम वाले, जिन्होंने आपके वोट से अपनी राजनीति चमकाई, आज किसके साथ खड़े हैं? ये उन लोगों के साथ खड़े हैं जो आदिवासियों की जमीन पर कब्जा करने वालों के साथ हैं। इस समय झारखंड में सबसे बड़ा मुद्दा घुसपैठ है। यह हर झारखंडी के लिए चिंता का विषय है। यह हर छोटी बेटी के माता-पिता के लिए चिंता का विषय है। झारखंड हाईकोर्ट ने घुसपैठ पर आदेश दिया लेकिन झारखंड सरकार यह मानने को तैयार नहीं है कि राज्य में घुसपैठ हो रही है।

झारखंड में जनसांख्यिकी बहुत तेजी से बदल रही है

प्रधानमंत्री ने कहा कि झारखंड में बांग्लादेशी रोहिंग्याओं की घुसपैठ एक बड़ा खतरा है। यहां की जनसांख्यिकी बहुत तेजी से बदल रही है। उन्होंने कहा कि संथाल परगना में आदिवासियों की आबादी तेजी से घट रही है। यहां के लोगों की जमीनें हड़पी जा रही हैं। पंचायतों में घुसपैठिए व्यवस्था पर कब्जा कर रहे हैं। बेटियों पर अत्याचार की घटनाएं बढ़ रही हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि झारखंड के शहर हों या गांव, हर झारखंडी इस घुसपैठ के कारण असुरक्षित महसूस कर रहा है। सच्चाई यह है कि झामुमो के लोग हमेशा बांग्लादेशी और रोहिंग्या घुसपैठियों के साथ खड़े हैं। ये कट्टरपंथी झामुमो पर भी कब्जा कर रहे हैं। ऐसा इसलिए हो रहा है क्योंकि झामुमो में कांग्रेस का भूत घुस गया है।

झामुमो-कांग्रेस सिर्फ धर्म के नाम पर वोट बैंक बना रहे हैं

प्रधानमंत्री ने कहा कि हमें एक बात साफ तौर पर समझ लेनी चाहिए कि झामुमो और कांग्रेस जैसी पार्टियों को आपका वोट नहीं चाहिए। ये पार्टियां धर्म के नाम पर अपना वोट बैंक बनाना चाहती हैं। यही समय है। हमें इस खतरे को यहीं रोकना होगा। इसके लिए झारखंड के हर नागरिक को एकजुट होना होगा। भाजपा को मजबूत करना होगा। उन्होंने कहा कि वोट बैंक की राजनीति करने वाले लोग किसी के सगे नहीं होते। झामुमो सरकार का 5 साल का कार्यकाल इसका सबूत है। ये लोग वोट पाने के लिए आदिवासियों के नाम पर राजनीति करते हैं, लेकिन झामुमो के लिए आदिवासी समाज का सम्मान महत्वपूर्ण नहीं है, बल्कि अपना राजनीतिक लाभ सर्वोपरि है।

उन्होंने कहा कि आज झारखंड के गरीब आदिवासी पूछ रहे हैं कि क्या चंपई सोरेन आदिवासी नहीं थे? भर्ती परीक्षा के नाम पर राज्य में 15 से अधिक युवाओं की जान चली गई प्रधानमंत्री ने कहा कि इन लोगों ने नौकरी मिलने तक बेरोजगारी भत्ता देने का वादा किया था। क्या किसी बेरोजगार को मिला? शहरी रोजगार के लिए योजना शुरू की, क्या उन्हें रोजगार मिला? नहीं मिला। इसके विपरीत, दो महीने में ही योजनाएं बंद कर दी गईं। भर्ती परीक्षा के नाम पर राज्य में 15 से अधिक युवाओं की जान चली गई। इस सरकार की गलत व्यवस्था के कारण 15 नौजवानों, मां के लाडले, बहन के भाई की जान चली गई। मैं उन नौजवानों को श्रद्धांजलि देता हूं जिन्होंने अपनी जान गंवाई है। हमें झारखंड से ऐसी सरकार को हटाना है जो युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है।

जहां-जहां कांग्रेस की सरकारें हैं, वहां-वहां झूठ की दुकानें हैं

मोदी ने कहा कि अब ये लोग महिलाओं को पैसे देने के नाम पर गरीबों को बेवकूफ बनाने के लिए नई-नई तरकीबें अपना रहे हैं। आपको ऐसे धोखेबाजों को सरकार से हटाना होगा। वादे करना और उन्हें पूरा करना ही भाजपा का काम है। हमारी सरकार ने तीन करोड़ और गरीबों को पक्के मकान देने का वादा किया है। हम हर घर में पानी पहुंचा रहे हैं। हम छोटे किसानों को पीएम किसान सम्मान निधि दे रहे हैं। मोदी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने भी कई घोषणाएं की थीं। कांग्रेस ने पिछले लोकसभा चुनाव में युवाओं और महिलाओं को एक-एक लाख रुपये देने का वादा किया था। जब महिलाएं कांग्रेस कार्यालय में पैसे मांगने गईं तो उनका अपमान किया गया, जहां-जहां कांग्रेस की सरकारें हैं, वहां-वहां झूठ की ऐसी दुकानें खुल रही हैं।

मईयां सम्मान योजना के नाम पर लोगों को लूट रहे हैं

प्रधानमंत्री ने कहा कि झामुमो वाले जब भी कुछ देने की बात करें तो सावधान हो जाएं। उन्हें कांग्रेस से भी यही ट्रेनिंग मिली है। जब भी कुछ देने की बात करेंगे तो आपकी जेब पर डाका डालेंगे। मईयां सम्मान योजना के नाम पर महिलाओं से 300-300 रुपये मांगे जा रहे हैं। अबुआ आवास के नाम पर 25 हजार रुपये तक की वसूली की जा रही है। पिछले दरवाजे से भी लाभुकों को गुमराह कर उनसे पैसे वसूले जा रहे हैं।

झारखंड में चार कार्यक्रम में लेना था हिस्सा

गौरतलब है कि प्रधानमंत्री के रविवार को झारखंड में चार कार्यक्रम निर्धारित थे। इनमें से दो कार्यक्रमों में उन्होंने वर्चुअली भाग लिया। एक कार्यक्रम रद्द हो गया। एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए प्रधानमंत्री के यात्रा कार्यक्रम में बदलाव करना पड़ा। करीब दो से ढाई घंटे इंतजार के बाद आखिरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का काफिला सड़क मार्ग से जमशेदपुर के लिए रवाना हुआ।

यह भी पढ़ेंः-चुनाव के बीच Anil Vij ने ठोका मुख्यमंत्री पद का दावा, बोले- मैं राज्य की तकदीर बदल दूंगा

6 वंदे भारत ट्रेनों को दिखाई हरी झंडी

यह पहला मौका होगा जब झारखंड में कोई प्रधानमंत्री सभा स्थल तक पहुंचने के लिए सड़क मार्ग से इतनी लंबी दूरी तय करेंगे। खराब मौसम के कारण हेलीकॉप्टर उड़ान नहीं भर सका। इस वजह से प्रधानमंत्री को सड़क मार्ग से यात्रा करनी पड़ी। इससे पहले प्रधानमंत्री ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए छह वंदे भारत ट्रेनों को हरी झंडी दिखाई। प्रधानमंत्री मोदी ने जिन वंदे भारत ट्रेनों को हरी झंडी दिखाई उनमें बरहामपुर-टाटा, राउरकेला-हावड़ा, देवघर-बनारस, हावड़ा-गया और हावड़ा-भागलपुर शामिल हैं।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)

Exit mobile version