Home उत्तर प्रदेश कार्यकर्ताओं से बोले अखिलेश, जनता का आशीर्वाद हमारे साथ, अब 2027 की...

कार्यकर्ताओं से बोले अखिलेश, जनता का आशीर्वाद हमारे साथ, अब 2027 की बारी

people-have-increased-

लखनऊः समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) ने कहा है कि 2024 के लोकसभा चुनाव ने भारत की राजनीति को बदलने का काम किया है। अयोध्या जिले के फैजाबाद लोकसभा क्षेत्र से सांसद अवधेश प्रसाद की जीत से जनता ने नफरत की राजनीति को खत्म कर दिया है। हमें ऐतिहासिक जीत मिली है। लेकिन इस जीत ने हमारी जिम्मेदारी और भी बढ़ा दी है। हमें 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारी अभी से शुरू कर देनी है।

हमें जनता से जुड़कर ही काम करना है

अखिलेश यादव शुक्रवार को प्रदेश मुख्यालय के डॉ. राम मनोहर लोहिया सभागार में बड़ी संख्या में आए पार्टी कार्यकर्ताओं, नेताओं, विधायकों और नवनिर्वाचित लोकसभा सदस्यों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि इस लोकसभा चुनाव में सपा की ऐतिहासिक जीत से पार्टी की ताकत बढ़ी है और नेताओं व कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार हुआ है। आगामी विधानसभा चुनाव में जीत का लक्ष्य हासिल करने के लिए हम सभी को जहां अपनी भाषा दुरुस्त रखनी है, वहीं सभी का सम्मान करना भी सीखना है। हमें जनता से जुड़े रहना है। जनता का आशीर्वाद हमारे साथ है। सपा अध्यक्ष ने कहा कि जनता के सामने कोई टिक नहीं सकता। चुनाव में जनता ने भाजपा का अहंकार तोड़ दिया है। भाजपा नेताओं को अब नींद नहीं आ रही है। एनडीए निगेटिव-नेगेटिव गठबंधन साबित हुआ जबकि पीडीए प्रगतिशील गठबंधन था।

यह भी पढ़ेंः-Weather Update: यूपी सुहावना होगा मौसम, मौसम विभाग ने दी राहत वाली खबर

आगे भी जारी रहेगा संघर्ष

सपा पीडीए-इंडिया गठबंधन जनता के मुद्दों पर लड़ा। समाजवादी विचारधारा का संघर्ष जारी रहेगा। सपा की जीत पर बधाई देने आए सैकड़ों लोगों ने अखिलेश यादव से मुलाकात की और उन्हें जीत की हार्दिक बधाई दी। यशभारती पुरस्कार से सम्मानित पंडित हरिप्रसाद मिश्र ने भी स्वस्ति वाचन के साथ अखिलेश यादव को रक्षा सूत्र बांधा और उनकी दीर्घायु और यशस्वी होने की कामना की। बैठक में गुरुजी उदय प्रताप सिंह, राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल यादव, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष माता प्रसाद पांडेय, राष्ट्रीय सचिव राजेंद्र चौधरी समेत प्रमुख नेता मौजूद रहे। इस अवसर पर अमृतराज पाल, इंद्रपाल यादव, नन्हे यादव, अक्षय यादव, कुलदीप यादव, सुशील यादव, कान्हा यादव आदि ने राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)

Exit mobile version