प्रदेश उत्तर प्रदेश Featured

उत्तर प्रदेश में लोगों को मिली भीषण गर्मी से राहत, बारिश से मौसम हुआ सुहाना

rain

लखनऊः उत्तर प्रदेश में मानसून की पहली बारिश ने गर्मी को जमकर भिगो दिया है। रविवार शाम से शुरू हुई बारिश का दौर अभी भी जारी है। बारिश से लोगों को भीषण गर्मी से भी राहत मिली है। इस बार का मई माह मौसम की गतिविधियों से उतार व चढ़ाव भरा रहा। पहले पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से लोगों को गर्मी से राहत मिली, फिर क्रमशः ताउते और यास चक्रवात सक्रिय हुआ और वातावरण में नमी बनी रही। इन सभी गतिविधियों से मई माह में अन्य वर्षों की अपेक्षा काफी हद तक मौसम सुहाना रहा। वहीं अब समय से पहले मानसून ने उत्तर प्रदेश में दस्तक दे दी है और बारिश का दौर जारी है।

चन्द्रशेखर आजाद कृषि प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डा. एसएन सुनील पाण्डेय ने सोमवार को बताया कि दक्षिण-पश्चिम मानसून ने रविवार को उत्तर प्रदेश में दस्तक दे दी है। पूर्वी व पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में बादल जमकर बरस रहे हैं। सोमवार से लखनऊ व कानपुर समेत प्रदेश के कई अन्य जिलों में मानसून सक्रिय रहा। मानसून ने इस साल एक सप्ताह पहले ही दस्तक दे दिया है। इसे अच्छा संकेत माना जा रहा है। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार इस साल दक्षिण-पश्चिम मानसून के सामान्य रहने के आसार हैं।

यह भी पढ़ेंःइजरायल का प्रधानमंत्री बनने पर नफ्ताली बेनेट को पीएम मोदी ने दी बधाई

मौसम विभाग के मुताबिक बंगाल की खाड़ी में कम दबाव वाला क्षेत्र बन रहा है। साथ ही कम दबाव वाले क्षेत्र की वजह से दक्षिण पश्चिमी हवाओं का रुख पश्चिमी तटीय इलाकों से होते हुए बढ़ेगा। इस अनुकूल स्थिति की वजह से मानसून जल्दी दस्तक दे रहा है। मानसून के जल्दी आने के तीन प्रमुख कारण हैं। इसमें बड़े क्षेत्र में बारिश का होना, अधिक बारिश होना और हवाओं का जल्दी आना शामिल हैं।