

लखनऊः यूपी में पछुआ हवाओं की जगह दो दिन से उत्तरी पूर्वी हवाएं चल रही हैं, जिससे आसमान साफ हो रहा है और धूप भी खिल रही है। इससे लगातार दो दिनों से तापमान भी बढ़ रहा है और शुक्रवार को अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस जा पहुंचा। धूप खिलने के साथ तापमान बढ़ने से लोगों को गलन से राहत मिल सकी, हालांकि यह राहत 48 घंटे के लिए ही है। मौसम विभाग के मुताबिक इसके बाद पछुआ हवाएं चलेगी और एक बार फिर प्रदेष शीतलहर की चपेट में आ जाएगा।
चन्द्रशेखर आजाद कृषि प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एसएन सुनील पाण्डेय ने बताया कि जम्मू-कश्मीर और आसपास के क्षेत्रों पर बना हुआ पश्चिमी विक्षोभ पूर्व की ओर बढ़ रहा है। प्रेरित चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र उत्तरी राजस्थान पर बना हुआ है। अगले 24 घंटों के दौरान, गिलगित-बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद, जम्मू कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश और हिमपात जारी रह सकता है। उत्तराखंड के कुछ हिस्सों में बारिश और हिमपात हो सकता है। उत्तरी हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ जिलों में बूंदाबांदी की संभावना है, लेकिन कानपुर मण्डल में बारिश की कोई संभावना नहीं है।
ये भी पढ़ें..JEE Main Admit Card 2023: अगले सप्ताह जारी होंगे जेईई मेंस…
पूर्वी असम और अरुणाचल प्रदेश में हल्की बारिश संभव है। गुजरात और राजस्थान में न्यूनतम तापमान में और गिरावट आ सकती है। हरियाणा, पंजाब, दिल्ली, पश्चिमी मध्य प्रदेश और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के तापमान में 24 घंटे के बाद गिरावट आ सकती है। 15 जनवरी से उत्तर पश्चिम भारत के कुछ हिस्सों में शीत लहर की स्थिति फिर से दिखाई दे सकती है। यूपी में अगले 48 घंटों में शीत लहर की पूरी संभावना है। मौसम पूर्वानुमान के अनुसार अगले पांच दिनों में साफ आसमान रहने के कारण वर्षा की कोई संभावना नहीं है तथा प्रातः काल व रात्रि के समय शीत लहर के साथ सर्दी बढ़ने के आसार है।
(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)