Home खेल Paris Paralympics: भारत को मिला 26वां पदक, प्रवीण ने ऊंची कूद स्पर्धा...

Paris Paralympics: भारत को मिला 26वां पदक, प्रवीण ने ऊंची कूद स्पर्धा में जीता गोल्ड

para-athlete-praveen-kumar

पेरिस: पेरिस पैरालंपिक 2024 (paris paralympics 2024) में भारतीय खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन जारी है। भारत के पैरा एथलीट प्रवीण कुमार ने भारत की झोली में एक और पदक जोड़ लिया है। उन्होंने पुरुषों की हाई जंप टी64 स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता है। पेरिस पैरालंपिक में यह भारत का छठा स्वर्ण है, जबकि 26वां पदक है। भारत के खाते में अब 6 स्वर्ण, नौ रजत और 11 कांस्य पदक हो गए हैं।

प्रवीण का लगातार दूसरा पदक

21 वर्षीय भारतीय एथलीट प्रवीण ने पुरुषों की हाई जंप टी64 स्पर्धा के फाइनल में 2.08 मीटर की छलांग लगाकर पहला स्थान हासिल किया। इस स्पर्धा में अमेरिका के डेरेक लोसिडेंट 2.06 मीटर के साथ दूसरे स्थान पर रहे और रजत पदक जीता। उज्बेकिस्तान के तेमुरबेक जियाजोव ने 2.03 मीटर की छलांग लगाकर तीसरा स्थान हासिल किया और कांस्य पदक जीता। पैरालंपिक में प्रवीण का यह लगातार दूसरा पदक है। इससे पहले उन्होंने टोक्यो पैरालंपिक में 2.07 मीटर के अपने सर्वश्रेष्ठ प्रयास के साथ रजत पदक जीता था।

यह भी पढ़ेंः-पेरिस पैरालंपिक 2024 में भारतीय एथलीट्स का जलवा

पैरालंपिक में पहली बार आए 6 गोल्ड मेडल

पेरिस पैरालंपिक में भारत का यह छठा स्वर्ण पदक है। भारत ने पहली बार पैरालंपिक खेलों में छह स्वर्ण पदक जीते हैं। इससे पहले भारत ने टोक्यो पैरालंपिक में 5 स्वर्ण पदक जीते थे। टोक्यो पैरालंपिक 2020 में भारत ने 5 स्वर्ण, 8 रजत और 6 कांस्य पदक जीते थे। कुल 19 पदकों के साथ भारत ने पैरालंपिक खेलों में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया था। पेरिस पैरालंपिक में भारतीय खिलाड़ियों ने इसे पीछे छोड़ते हुए अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया है। भारत ने अब तक कुल 26 मेडल जीते हैं, जिनमें से 6 गोल्ड, 9 रजत और 11 कांस्य पदक हैं। मेडल टेली में भारत 14वें नंबर पर आ गया है।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)

Exit mobile version