Pakistan Train Hijack: पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत के बोलन जिले में जाफर एक्सप्रेस पैसेंजर ट्रेन के बंधक यात्रियों को छुड़ाने का ऑपरेशन पूरा हो गया है। सूत्रों ने बुधवार को बताया कि बलूच लिबरेशन आर्मी (बीएलए) के मजीद ब्रिगेड के लड़ाकों और पाकिस्तानी सेना के बीच 24 घंटे से अधिक समय से जारी गतिरोध समाप्त हो गया है।
Pakistan Train Hijack: पाकिस्तानी सेना ने 50 हमलावरों को मार गिराया
इस ऑपरेशन में करीब 350 बंधकों को छुड़ाया गया है। सूत्रों ने पुष्टि की है कि बंधकों को छुड़ाने के लिए शुरू किया गया सैन्य अभियान समाप्त हो गया है। कम से कम 346 बंधकों को छुड़ाया गया और करीब 50 हमलावर मारे गए।
करीब 500 लोगों को बनाया था बंधक
बता दें कि बलूचिस्तान की राजधानी क्वेटा से खैबर पख्तूनख्वा (केपी) की प्रांतीय राजधानी पेशावर जा रही ट्रेन को रास्ते में ही बीएलए ने हाईजैक कर लिया और करीब 500 लोगों को बंधक बना लिया। एक विश्वसनीय सुरक्षा सूत्र ने पुष्टि की, “ऑपरेशन खत्म हो गया है। सभी बंधकों को रिहा कर दिया गया है। कुल 346 लोगों को बचाया गया, जिसमें मंगलवार रात को 168 और बुधवार को 178 लोग शामिल हैं। 50 बीएलए हमलावर मारे गए।”
ये भी पढ़ेंः- Pakistan Train Hijack : पाकिस्तान में बलूच विद्रोहियों ट्रेन को किया हाइजैक , 400 यात्री थे सवार
सुरक्षा सूत्रों ने बताया कि आतंकवादी महिलाओं और बच्चों को मानव ढाल के रूप में इस्तेमाल कर रहे थे। उन्होंने कहा, “ऑपरेशन को अत्यधिक सावधानी और कुशलता के साथ अंजाम दिया गया, जिसके परिणामस्वरूप कई लोगों की जान बच गई। आतंकवादियों की क्रूरता का शिकार हुए यात्रियों की संख्या का पता लगाया जा रहा है।” यह भी पता चला कि हमलावरों का हैंडलर, हमले का मास्टरमाइंड, अफगानिस्तान के आतंकवादियों के साथ सक्रिय संपर्क में था।
Pakistan Train Hijack: हमला कर ट्रेन को किया गया हाईजैक
उल्लेखनीय है कि मंगलवार को बड़ी संख्या में बीएलए आतंकवादियों ने बलूचिस्तान के बोलन दर्रे के ढाबर इलाके में ट्रैक उड़ाकर जाफर एक्सप्रेस यात्री ट्रेन को रुकने पर मजबूर कर दिया था। सुरक्षा बलों और रेलवे अधिकारियों ने पुष्टि की है कि बोलन दर्रे की सुरंग संख्या आठ के पास ट्रेन पर हमला किया गया।