उत्तराखंड

सोमवती अमावस्या पर लाखों श्रद्धालुओं ने पवित्र गंगा में लगायी आस्था की डुबकी

kumbh

हरिद्वारः आस्था के महापर्व कुंभ के दूसरे शाही स्नान सोमवती अमावस्या पर हरिद्वार में लाखों श्रद्धालुओं ने पवित्र गंगा स्नान किया। हरकी पैड़ी पर स्नान करने आये श्रद्धालुओं पर हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा भी की गई। पंचायती निरंजनी अखाड़ा, जूना अखाड़ा तथा महानिर्वाणी अखाड़े के साधु संतों ने स्नान किया। बैरागी अखाड़ों की तीनों अणियों निर्मोही, दिगंबर तथा निर्वाणी ने संतों ने भी पवित्र गंगा में डुबकी लगायी।

कुंभ के दूसरे शाही स्नान पर सर्वप्रथम श्री पंचायती निरंजनी अखाड़ा के साथ आनन्द अखाड़े के संतों ने शाही स्नान किया। निरंजनी पीठाधीश्वर स्वामी कैलाशानंद गिरी महाराज ने सबसे पहले गंगा पूजन किया और अखाड़े के इष्टदेव कार्तिकेय भगवान की डोली को गंगा स्नान कराया। निरंजनी अखाड़े के साथ आनंद अखाड़ा के आचार्य बालकानंद गिरी ने भी स्नान किया और उनके साथी साधु संतों ने स्नान किया। उनका स्नान संपन्न होने के बाद जूना अखाड़े के आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी अवधेशानंद गिरी की अगुवाई में जूना अखाड़े के संत महंतों ने गंगा में डुबकी लगाई। जूना अखाड़ा के साथ अग्नि, आह्वान तथा किन्नर अखाड़े ने भी स्नान किया। तीसरे क्रम पर महानिर्वाणी के साथ अटल अखाड़े के साधु संतों ने स्नान किया। संन्यासी अखाड़ों के स्नान के बाद बैरागी अखाड़ों की तीनों अणियों निर्मोही, दिगम्बर तथा निर्वाणी के संतों ने हरकी पैड़ी पहुंचकर स्नान किया। शाही स्नान को देखते हुए मेला प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। चप्पे-चप्पे पर अर्द्धसैनिक, पुलिस व अन्य सुरक्षा बलों के जवानों के साथ स्वंयसेवक भी व्यवस्था में जुटे रहे। बाहर से आने वाले यात्रियों के लिए पुलिस ने जगह-जगह डायवर्जन किया हुआ था।

यह भी पढ़ेंः समझना होगा वैक्सीन की उपलब्धता का गणित

सोमवती अमावस्या का होता है विशेष महत्व
हिंदू धर्म में सोमवती अमावस्या का विशेष महत्व माना गया है। मान्यता है कि जो भी व्यक्ति आज के दिन गंगा में डुबकी लगाता है, उसकी सभी मनोकामनाएं पूरी होती हैं। आज के दिन पीपल की परिक्रमा को शास्त्रों में सबसे शुभ माना गया है। मान्यता है कि पीपल में देवी-देवताओं का वास होने के कारण जब देवता पूजन से प्रसन्न होते हैं, तो व्यक्ति के सभी कष्टों का हरण होता है। सोमवती अमावस्या पर गंगा व अन्य पवित्र नदियों में स्नान करने से सहस्रगुना अधिक पुण्यफल की प्राप्ति होती है।