देश Featured

मकर संक्रांति पर भारत सहित अन्य देशों के करीब एक करोड़ लोग करेंगे सूर्य नमस्कार

नई दिल्ली: मकर संक्रांति के पर्व को और अधिक खास बनाने के लिए आयुष मंत्रालय ने इस बार विशेष तैयारी की है। केंद्रीय आयुष मंत्री सर्बानंद सोणोवाल ने वर्चुअल प्रेस कॉन्फ्रेंस के ज़रिए बताया कि 14 जनवरी यानी मकर संक्रांति के दिन देश-विदेश के 75 लाख से अधिक लोग सूर्योदय से सूर्यास्त तक सूर्य नमस्कार करेंगे। आयुष मंत्रालय का लक्ष्य 75 लाख लोगों को सूर्य नमस्कार से जोड़ने का है, लेकिन अनुमान है कि इस कार्यक्रम में एक करोड़ से अधिक लोग वर्चुअली जुड़ेंगे।

आयुष मंत्रालय ने इस कार्यक्रम से जुड़ने के लिए लिंक उपलब्ध करवाए हैं, जिस पर जाकर आप अपना रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं।आयुष मंत्री सोणोवाल के अनुसार अब तक 40 लाख से अधिक रजिस्ट्रेशन हो चुके हैं, अगले दिनों में 75 लाख का आंकड़ा पार होने की उम्मीद है। कार्यक्रम में शामिल होने वाले लोग अपने-अपने घरों में रहकर वर्चुअली इससे जुड़ेंगे, साथ ही वह अपना सूर्य नमस्कार का वीडियो भी आयुष मंत्रालय को भेज सकते हैं, इसके बाद आयुष मंत्रालय द्वारा कार्यक्रम में शामिल होने वाले लोगों को एक सर्टिफिकेट भी दिया जाएगा।

इस कार्यक्रम का शुभारंभ केंद्रीय आयुष मंत्री सर्बानंद सोनोवाल द्वारा भारतीय समयानुसार सुबह 7 बजे होगा। अलग-अलग देशों में ये सूर्योदय के समय शुरू होगा। 75 लाख सूर्य नमस्कार के इस महा अभियान से आयुष मंत्रालय के साथ-साथ शिक्षा, खेल, महिला एवं बाल विकास मंत्रालय जैसे कई मंत्रालयों और देश-विदेश के कई योग संस्थान भी जुड़ रहे हैं।

आयुष मंत्री सोनोवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने योग को लेकर पूरे विश्व को जागरूक किया है। आज इसी का परिणाम है कि भारत में 11 करोड़ से अधिक लोग नियमित योग करते हैं और विश्व में भी यह संख्या दिन प्रतिदिन बढ़ रही है। सूर्य नमस्कार के माध्यम से लोगों को बेहतर स्वास्थ्य, अच्छी इम्यूनिटी और प्रकृति का संरक्षण भी किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम में अलग-अलग क्षेत्रों जैसे खेल, मनोरंजन और अध्यात्म से जुड़ी बड़ी शख्सियत भी शामिल होंगी। दूरदर्शन से कार्यक्रम का लाइव प्रसारण भी होगा।

यह भी पढ़ेंः-शर्मनाकः सामूहिक दुष्कर्म के बाद मूक-बधिर नाबालिग लड़की को सड़क पर फेंका, हालत नाजुक

आयुष राज्य मंत्री मुंजपरा महेंद्रभाई ने कहा कि ये दिन सूर्य की आराधना का दिन है और ये कार्यक्रम आज़ादी का अमृत महोत्सव की श्रृंखला का भाग है। इसलिए ये महा अभियान और भी अधिक खास बनने वाला है। उन्होंने बताया कि सूर्य नमस्कार पर देश-विदेश में कई अध्ययन हुए हैं, जिनमें पाया गया है कि ये हमारी इम्यूनिटी के लिए बहुत अच्छा है। इस कार्यक्रम में देश-विदेश के छात्र-छात्राएं, शिक्षक, डॉक्टर्स और अधिवक्ता भी जुड़ रहे हैं। इसलिए मैं अधिक से अधिक लोगों से इस कार्यक्रम से जुड़ने की अपील करता हूं।

आयुष सचिव वैद्य राजेश कोटेचा ने कहा कि आप अपने घरों में रहकर इस कार्यक्रम से जुड़ सकते हैं। सूर्य नमस्कार में 8 आसन हैं, इसका एक चक्र 90 सेकेंड का है, हमने 13 सायकल किए तो ये करीब 20 मिनट का होगा, जो शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के लिए भी फायदेमंद होगा।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर  पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें…)