प्रदेश उत्तर प्रदेश

ओम प्रकाश राजभर ने भाजपा से दूर रहने की दी सलाह, कहा-नहीं होगा बीजेपी से गठबंधन

rajbhar

झांसीः सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने भाजपा को डूबती हुई नैया करार देते हुए उससे दूर ही रहने की सलाह दी। साथ ही कहा कि भाजपा से गठबंधन किसी भी कीमत पर नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में भी जातिवार जनगणना होनी चाहिए। भाजपा पर हमला बोलेते हुए उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी वह वाशिंग मशीन है, जो अपराधी को भी स्वच्छ बना देती है। अपराधी जब भारतीय जनता पार्टी जॉइन करता है तो एक तरफ से गिरता है, दूसरी तरफ से क्लीन होकर निकलता है।

ओम प्रकाश राजभर ने सर्किट हाउस ने कहा कि भागीदारी संकल्प मोर्चा बनाया गया है और आने वाला कल अच्छा होगा। हम लोग अपने दम पर चुनाव लड़ने की तैयारी में हैं। हमारी सरकार बनते ही पांच सीएम व 20 जातियों के 20 डिप्टी सीएम होंगे। उन्होंने कहा कि सरकार बना कर पांच साल घरेलू बिजली का बिल माफ कर देंगे। गरीबों का इलाज मुफ्त होगा। एक समान शिक्षा के तहत अनिवार्य फ्री शिक्षा होगी। प्रदेश में जातिवार जनगणना कराएंगे।

यह भी पढ़ें-BCCI ने पूर्व क्रिकेटर और कोच वासु परांजपे के निधन पर...

आधी आबादी को साधते हुए उन्होंने कहा कि लोकसभा में 33 प्रतिशत महिलाओं के लिए आरक्षण विचाराधीन है। उसे लागू कराने का प्रयास होगा। प्रदेश में कानून व्यवस्था के सवाल पर उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था पूर्ण रूप से ध्वस्त है। सरकार चाहे जितना बाजा बजा ले। सरकार अपराधियों पर अंकुश लगाने में फेल है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि इलाहाबाद में एसपी को थप्पड़ मारने वाले को भाजपा ने युवा मोर्चा का अध्यक्ष बना दिया है। इससे बड़ा उदाहरण क्या हो सकता है।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर  पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें…)