विशेष Featured

National Tourism Day: रोज की थकान दूर कर देंगे ये ऑफबीट टूरिस्ट स्पाॅट्स, एक बार जरूर जाएं

national-tourism-day-2

नई दिल्लीः देश में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए हर साल राष्ट्रीय पर्यटन दिवस का आयोजन किया जाता है। देश में कई पर्यटक स्थल हैं, जहां हर साल सैलानियों की भीड़ उमड़ती है। कश्मीर से लेकर कन्या कुमारी तक हमारे देश में कई टूरिस्ट स्पाॅट्स हैं, जो सैलानियों की पहली पसंद हैं। लेकिन देश में कुछ ऐसे ऑफबीट स्पाॅट्स भी हैं, जो सैलानियों की चहल-पहल से दूर हैं।

ऐसा नहीं है कि यहां घूमने के लिए लोग नहीं आते हैं। लेकिन, उनकी तादात अपेक्षाकृत बहुत कम होती है। अगर आप शांत वातावरण में प्रकृति की खूबसूरती को निहारना चाहते हैं, तो ये ऑफबीट स्पाॅट्स आपकी पसंद बन सकते हैं। अगर आपको भी सैर-सपाटे का शौक है, तो राष्ट्रीय पर्यटन दिवस के मौके पर हम आपको बता रहे हैं देश के कुछ ऐसे ऑफबीट स्पाॅट्स, जहां आप प्रकृति की गोद में समय गुजार सकते हैं।

चोपता, उत्तराखंड -

अगर आप भीड़-भाड़ से दूर रहकर पहाड़ों की खूबसूरती को निहारना चाहते हैं, तो उत्तराखंड का चोपता जाने का प्लान बना सकते हैं। हिमाचल प्रदेश के शिमला और कुल्लू-मनाली काफी प्रचलित टूरिस्ट स्पाॅट्स हैं, जहां हर साल लाखों पर्यटक पहुंचते हैं। ऐसे में चोपता एक शांत हिल स्टेशन है, जो पर्यटकों की चहलकदमी से अनछुआ है। यहां की प्राकृतिक खूबसूरती देखते ही बनती है। चोपता उत्तराखंड राज्य के रुद्रप्रयाग जिले के उखीमठ से 37 किलोमीटर दूर है। यहां आप केदारनाथ वाइल्ड लाइफ सेंचुरी, चंद्रशिखा और तुंगनाथ जैसे स्थान देखने जा सकते हैं।

ये भी पढ़ें..National Tourism Day 2023: आज है राष्ट्रीय पर्यटन दिवस, जानें कैसे हुई इस दिन की शुरुआत

शेखावटी, राजस्थान -

अगर आप राजसी शान-ओ-शौकत को अनुभव करने के लिए अगर आप जयपुर और जोधपुर जाने का प्लान बना रहे हैं, तो हम आपको बता रहे हैं राजस्थान के एक और जगह के बारे में, जहां अपेक्षाकृत टूरिस्ट्स की भीड़ कम होती है। यह जगह है शेखावटी। शेखावटी को ओपन आर्ट गैलरी के नाम से भी जाना जाता है। यहां की हवेलियों में रंग-बिरंगे भित्ति चित्र बने हुए हैं, जो बेहद आकर्षक हैं। सरदार राव शेखा जी द्वारा निर्मित इस नगर का नाम उन्हीं के नाम से यह शहर प्रसिद्ध है।

चिखलदरा, महाराष्ट्र -

हरे-भरे पेड़ों और शांत वातावरण के लिए आप चिखलदरा भी जा सकते हैं। महाराष्ट्र में स्थित चिखलदरा एक हिल स्टेशन है। यहां की प्राकृतिक खूबसूरती लोगों का मन मोह लेती है। चारों तरफ हरियाली और पहाड़ों से घिरे चिखलदरा में झरने भी हैं, जो इसे एक परफेक्ट टूरिस्ट स्पाॅट बनाते हैं। यहां आप चिखलदरा वन्यजीव अभयारण्य, मेलघाट टाइगर रिजर्व की भी सैर कर सकते हैं। चिखलदरा का वर्णन महाभारत में भी मिलता है। कहा जाता है कि इसी जगह पर भीम ने किचक का वध किया था। यहां कई प्राचीन दुर्ग भी हैं, जो इसे पौराणिक रूप से भी विशिष्ट बनाते हैं।

अरामबोल बीच, गोवा -

गोवा अपने समुद्र तटों व खास व्यंजनों की वजह से देश व विदेशों में जाना जाता है। यहां घूमना हर किसी का एक सपना हो सकता है। लेकिन गोवा के बीच आमतौर पर पर्यटकों से गुलजार रहते हैं। गोवा में तकरीबन 40 छोटे और बड़े समुद्र तट हैं, जो पर्यटकों को आकर्षित करते हैं। ऐसा ही एक बीच है अरामबोल, यहां के शांत वातावरण में कुछ समय आप बिता सकते हैं। यहां अन्य बीचों की तुलना में पर्यटकों की चहलकदमी कम होती है।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)