प्रदेश उत्तर प्रदेश Featured

सीएम योगी बोले- अब यूपी में झगड़े नहीं सिर्फ विकास की होगी बात, बंद होगा पलायन

Yogi Adityanath. (File Photo: IANS)

 

भदोहीः उत्तर प्रदेश के भदोही जनपद में साल के अंतिम दिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 200 करोड़ की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने कारपेट एक्सपो मार्ट भी लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री ने कहा, अयोध्या में श्रीराम मंदिर का शिलान्यास हमारे लिए बड़ी उपलब्धि है। प्रदेश में आने वाला साल अब झगड़े-फसाद के बजाय उपलब्धियों और विकास का होगा। यहां जाति-धर्म की राजनीति नहीं चलेगी।

मुख्यमंत्री ने बृहस्पतिवार को कालीन हस्तशिल्पकारों के साथ 500 लोगों को विभिन्न लाभकारी परियोजनाओं का चेक भी बांटा। जिसमें महिलाएं भी शामिल रहीं। उन्होंने कहा किसानों ने भारत को आत्मनिर्भर बनाया है। सरकार उनकी सुविधाओं का पूरा ख्याल रखा है। सरकार ने पूरे प्रदेश की जनता को विकास के साथ जोड़ा है। हमने एक जिला एक उत्पाद योजना के तहत वाराणसी के साड़ी के उद्योग के साथ भदोही के कालीन उद्योग को भी जोड़ा है। प्रदेश के हर जिले की अपनी अलग पहचान है। सिद्धार्थनगर का काला चावल तो कौशांबी का अमरूद अपनी पहचान बना रहा है। चंदौली ब्लैक राइस का उत्पादन कर रहा है, जिसकी कीमत 700 रुपए प्रति किलो है। हम कालीन उद्योग को बाजार देने आएं हैं।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भदोही ने प्रधानमंत्री के आत्मनिर्भर भारत की परिकल्पना को साकार किया है। उत्तर प्रदेश असीम सम्भावनाओं का प्रदेश है। प्रदेश को हम नई दिशा की तरफ लेकर जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में भारत दुनिया का नेतृत्व करेगा। प्रधानमंत्री मोदी ने छह साल में भारत की तस्वीर बदल दी। यह नया भारत है।

उन्होंने कहा कि विपक्ष के एजेंडे में जाति और मजहब था, जिसकी वजह से भारत को मजबूत बनाने के बजाय मजबूर बनाया। जबकि प्रधानमंत्री मोदी ने कोरोना काल की चुनौतियों का सामने करते हुए भारत को एक भारत श्रेष्ठ भारत बनाया। मोदी की इस लड़ाई ने दुनिया को पीछे छोड़ दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि गुजरता साल बेहद चुनौतियों भरा था। कोरोना जैसी महामारी से देश जीत कर बाहर निकला है। हमारी सरकार ने इस चुनौती का सामना करते हुए प्रदेश की 24 करोड़ जनता की जान को सुरक्षित रखा। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में अब झगड़े की नहीं विकास की बात होगी। हमारा प्रदेश एक उत्पाद एक योजना में तेजी से विकास की तरफ बढ़ रहा है। प्रदेश में सोनभद्र, आजमगढ़, चित्रकूट समेत 14 एयरपोर्ट का निर्माण किया जा रहा है। प्रयाग समेत सात को वायुमार्ग से जोड़ दिया गया है। गुजरा साल चुनौती के साथ जोड़ने और उपलब्धियों का भी रहा है। इस दौरान सबसे अधिक तकनीकी विकास हुआ है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश आत्मनिर्भरता की तरफ बढ़ रहा है। दीपावली पर मिट्टी और गाय के गोबर से बने दीप से अयोध्या में सात लाख दीपों से दीपावली मनाई गई। जबकि काशी में देव दिपावली पर 30 लाख दीप जलाए गए। उन्होंने कहा हम प्रदेश को नई दिशा में लेकर जा रहे हैं। प्रदेश के सम्पूर्ण विकास की सारी जरूरतें अब प्रदेश में ही पूरी होंगी। प्रदेश विकास की नई ऊंचाई चूम रहा है।

यह भी पढे़ंः-जियो ने यूजर्स को दिया नए साल का तोहफा, फिर शुरू होगी ये स्कीम

मुख्यमंत्री ने कहा कि दुनिया के लोग अब भदोही आकर कालीन खरीदेंगे। इस मार्ट में 90 से अधिक दुकानें होंगी। प्रदेश में एक्सप्रेसवे का तेजी से निर्माण हो रहा है। पश्चिमी उप्र को जल्द प्रयागराज से जोड़ा जाएगा। उन्होंने कहा की देश में 5 हजार करोड़ का निर्यात होता है। जिसमें भदोही अकेले चार करोड़ का कालीन निर्यात करता है। प्रदेश में अब तक लगभग पौने चार लाख युवाओं को रोजगार दिया जा चुका है। उत्तर प्रदेश आत्मनिर्भरता की तरफ तेजी से बढ़ रहा है। युवाओं का पलायन जल्द रूकेगा। सभी को स्थानीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा।