North Syria Blast : उत्तर सीरिया में सोमवार को एक कार बम विस्फोट में कम से कम 15 लोगों की मौत हो गई और दर्जनों घायल हो गए। विस्फोट अलेप्पो के पूर्व में मनबीज शहर के बाहरी इलाके में हुआ। मीडिया रिपोट्स में सीरिया सिविल डिफेंस के हवाले से कहा गया कि, धमाके में 15 श्रमिकों की मौत हो गई।
सिविल डिफेंस ने दी जानकारी
बता दें, सिविल डिफेंस ने जानकारी देते हुए बताया कि, मनबीज शहर के बाहरी इलाके में कृषि श्रमिकों को ले जा रहे एक वाहन के बगल में कार में विस्फोट हुआ, जिससे 14 महिलाओं और एक पुरुष की मौत हो गई। कुछ घायलों की हालत गंभीर है। इसने चेतावनी दी कि, मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है। किसी भी सशस्त्र समूह की ओर से तत्काल कोई दावा नहीं किया गया।
तीन दिनों में दूसरा घातक कार बम विस्फोट
यह तीन दिनों में इस क्षेत्र में दूसरा घातक कार बम विस्फोट था। सीरिया की सरकारी समाचार एजेंसी सना के अनुसार, शनिवार को मनबीज शहर के केंद्र में हुए विस्फोट में चार नागरिकों की मौत हो गई और बच्चों सहित नौ अन्य घायल हो गए।
ये भी पढ़ेंः- Basant Panchami: बसंत पंचमी शाही स्नान पर प्रशासन अलर्ट, जानें कैसी है तैयारी
बता दें, दिसंबर में अल-शरा के हयात तहरीर अल-शाम के नेतृत्व में विद्रोही गुटों ने वर्षों से दमिश्क की सत्ता पर काबिज राष्ट्रपति बशर अल-असद को देश छोड़ने पर मजबूर कर दिया। सीरिया के सैन्य अभियान प्रशासन ने 29 जनवरी को एचटीएस प्रमुख अहमद अल-शरा को राष्ट्रपति नियुक्त करने की घोषणा की। उन्हें स्थायी संविधान की पुष्टि होने तक अंतरिम विधान परिषद स्थापित करने का अधिकार दिया गया। असद को हटने के बाद अल शरा देश के वास्तविक नेता हैं।