Nigeria: नाइजीरियाई सेना ने अपने 35 हजार नागरिकों की मौत का बदला लेते हुए 79 इस्लामी आतंकवादियों और अपहरणकर्ताओं को मार गिराया है। यह कार्रवाई पूर्वोत्तर में आतंकवादियों के दशकों पुराने विद्रोह और उत्तर-पश्चिम में विभिन्न सशस्त्र समूहों द्वारा जारी हमलों के जवाब में की गई।
रिपोर्ट के अनुसार, पश्चिम अफ्रीकी देश अपनी सुरक्षा के लिए प्रयास तेज कर रहा है, क्योंकि पूर्वोत्तर क्षेत्र में लगभग 35,000 नागरिक मारे गए हैं और 2 मिलियन से अधिक लोग विस्थापित हुए हैं। नाइजीरियाई सेना के प्रवक्ता एडवर्ड बूबा ने एक बयान में कहा कि सेना ने राष्ट्रव्यापी अभियान के तहत 252 लोगों को गिरफ्तार किया। वहीं, आतंकवादियों द्वारा बंधक बनाए गए 67 लोगों को मुक्त कराया गया।
Nigeria: 276 लड़कियों का हुआ अपहरण
बता दें कि नाइजीरिया के उत्तर-पश्चिम में अपहरण एक आम घटना बन गई है। यहां दर्जनों सशस्त्र समूह लगातार नागरिकों पर हमला करते रहते हैं। कई पीड़ितों को फिरौती के भुगतान के बाद ही छोड़ा जाता है, जो कभी-कभी हजारों डॉलर तक होती है। 2014 में बोको हराम के चरमपंथियों ने पूर्वोत्तर राज्य बोर्नो के चिबोक गांव में 276 स्कूली लड़कियों का अपहरण कर लिया था। यह इलाका सशस्त्र समूहों और सेना के बीच संघर्ष का केंद्र था। इसने दुनिया का ध्यान भी खींचा था। गिरफ्तार किए गए लोगों में कच्चे तेल की चोरी से जुड़े 28 संदिग्ध भी शामिल हैं।
ये भी पढ़ेंः- Tahawwur Rana: भारत लाया जाएगा मुंबई हमले का गुनहगार तहव्वुर राणा
Nigeria: कच्चे तेल की चोरी सबसे बड़ी समस्या
दरअसल नाइजीरिया के दक्षिणी हिस्से में तेल चोरी एक बड़ी समस्या है। नाइजीरिया एक प्रमुख तेल उत्पादक देश है। तेल चोरी ने अर्थव्यवस्था और सरकारी आय को बुरी तरह प्रभावित किया है। इसके कारण सरकार को सालाना अरबों डॉलर का राजस्व नुकसान होता है। सेना ने ‘इंडिजिनस पीपल ऑफ बियाफ्रा’ के सात संदिग्ध सदस्यों को भी गिरफ्तार किया। यह एक अलगाववादी समूह है जो देश के अशांत दक्षिण-पूर्वी क्षेत्र में एक स्वतंत्र बियाफ्रा राज्य बनाने की कोशिश कर रहा है।
गृहयुद्ध में मारे गए करीब 10 लाख लोग
दक्षिण-पूर्वी नाइजीरिया में अलगाववादी अभियान 1960 के दशक से शुरू हुआ, जब बियाफ्रा गणराज्य ने पश्चिम अफ्रीकी देश से स्वतंत्र होने के लिए 1967 से 1970 तक गृहयुद्ध लड़ा और हार गया। इस संघर्ष में अनुमानित 1 मिलियन लोग मारे गए, जिनमें से कई भुखमरी से मारे गए। बियाफ्रा गणराज्य को आंशिक रूप से मान्यता दी गई थी और यह 1967 से 1970 तक अस्तित्व में रहा।