ओमिक्रोन वैरिएंट के खतरे के मद्देनजर मुंबई में नववर्ष की पार्टियां रद्द

मुंबईः मुंबई में ओमीक्रोन के खतरे और संक्रमितों की बढ़ती संख्या के मद्देनजर शहर में प्रतिबंध बढ़ा दिए गए हैं। नववर्ष की सभी पार्टियां रद्द कर दी गई हैं। मुंबई के प्रभारी मंत्री असलम शेख ने बताया कि यह प्रतिबंध 16 दिसंबर से 31 दिसंबर तक लागू रहेंगे। असलम शेख ने कहा कि शहर में ओमिक्रोन मरीजों की बढ़ती संख्या की वजह से शहर में दिन में धारा 144 लागू करने का निर्णय लिया गया है। साथ ही सभी व्यापारिक संस्थानों को कुछ क्षमता के 50 फीसदी लोगों को ही काम पर बुलाए जाने का आदेश दिया गया है।

शहर में 31 दिसंबर तक सभी राजनीतिक, सामाजिक, सांस्कृतिक एकत्रीकरण पर रोक लगा दी गई है। इसी तरह क्रिसमस पर भी लोगों के इकट्ठा होने पर रोक लगाने का आदेश जारी किया गया है। मुंबई नगर निगम के अतिरिक्त आयुक्त सुरेश काकाणी ने कहा कि मुंबई के सभी विभागीय कार्यालयों में संभावित ओमिक्रोन संक्रमितों को ढूंढने का काम जारी है। मुंबई में कोरोना नियमावली का कठोरता से पालन किया जा रहा है।

यह भी पढ़ें-वीरों की भूमि से राजनाथ सिंह ने दुश्मनों को ललकारा, कहा-अपनी सीमा में रहें पड़ोसी देश

मुंबई पुलिस आयुक्त हेमंत नगराले ने सभी सार्वजनिक स्थलों पर कोरोना टीकाकरण की दोनों डोज लेने वालों को ही आने जाने की अनुमति पत्र जारी किया है। इसी तरह किसी भी दुकान, सार्वजनिक ट्रांसपोर्ट में भी सिर्फ कोरोना का दोनों डोज लेने वालों को ही यात्रा की अनुमति जारी की गई है। मुंबई पुलिस आयुक्त ने कोरोना नियमावली का पालन न करने वालों पर मामला दर्ज करने का भी आदेश जारी किया है।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर  पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें…)