Home उत्तर प्रदेश UP Flood: बहराइच में घाघरा ने दिखाया विकराल रूप, नदी की बीच...

UP Flood: बहराइच में घाघरा ने दिखाया विकराल रूप, नदी की बीच धारा में फंसे 114 लोगों का किया गया रेस्क्यू

bahraich-Flood-ghagra-river

UP Flood, बहराइच: उत्तर प्रदेश के बहराइच में घाघरा नदी का जलस्तर बढ़ने के बाद एक टापू पर फंसे किसानों को बचा लिया गया है। नदी के बीच फंसे किसानों को बचाने के लिए शुक्रवार शाम से ही रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा था, जो शनिवार सुबह खत्म हुआ। दरअसल, सभी किसान घाघरा नदी के बीच अपने खेतों में काम करने गए थे। तभी घाघरा नदी में ढाई लाख क्यूसेक पानी छोड़ दिया गया और इस वजह से किसान वहीं फंस गए।

UP Flood: टापू पर फंसे थे किसान

वहीं, प्रशासन द्वारा रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर सभी किसानों को सुरक्षित बचा लिया गया। ग्रामीणों ने बताया कि वह खेती के लिए सुजौली क्षेत्र के चहलवा में गए थे। तभी अचानक बाढ़ आ गई और वह खेतों में फंस गए। लेकिन बाद में उन्होंने एक टापू पर शरण ली और प्रशासन की मदद से उन्हें बचा लिया गया। उपजिलाधिकारी संजय कुमार ने बताया कि शुक्रवार शाम को सूचना मिली कि कुछ लोग घाघरा नदी के बीच एक टापू पर फंसे हुए हैं।

ये भी पढ़ेंः- UP Flood News: उत्तर प्रदेश के इन जिलों में बाढ़ का कहर, 6 मकान ढहे, 500 से ज्यादा लोग फंसे

घाघरा नदी में छोड़ा गया ढाई लाख क्यूसेक पानी

इसके बाद एनडीआरएफ और सीमा सुरक्षा बल की टीम मौके पर भेजी गई। शुक्रवार देर रात तक 63 लोगों को बचा लिया गया था। साथ ही, शनिवार सुबह तक 55 लोगों को निकाल लिया गया था। उन्होंने बताया कि शुक्रवार शाम को चौधरी चरण सिंह बैराज से घाघरा नदी में ढाई लाख क्यूसेक पानी छोड़ा गया था। चहलवा में घाघरा नदी के बीच में खेती करते समय 114 किसान फंस गए थे।

देर रात तक 63 लोगों को बचा लिया गया था, लेकिन जलस्तर बढ़ने के कारण 55 लोग टापू पर फंसे रह गए। इस दौरान उन्हें वहां से निकालने के लिए प्रशासन ने NDRF की टीम और सीमा सुरक्षा बल की मदद ली। बता दें कि नेपाल के पहाड़ों में भारी बारिश हो रही है। इसके कारण नेपाल से लगातार नदियों में पानी छोड़ा जा रहा है। इसका असर नेपाल से सटे उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में देखने को मिल रहा है।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)

Exit mobile version