प्रदेश उत्तर प्रदेश Featured राजनीति

‘राहुल गांधी की लोकप्रियता से बौखला गये हैं भाजपा नेता’, असम के सीएम के बयान पर नसीमुद्दीन सिद्दीकी का पलटवार

nassimuddin-sidiqui

बांदाः असम के मुख्यमंत्री बिस्वा सरमा द्वारा कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी की दाढ़ी की तुलना सद्दाम हुसैन से करने पर कांग्रेस के प्रांतीय अध्यक्ष व पूर्व कैबिनेट मंत्री नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा से पूरे विश्व में उनकी प्रशंसा हो रही है। इसी से भाजपा के नेता बौखला गए हैं और अपनी खींझ मिटाने के लिए इस तरह के अनर्गल बयान दे रहे हैं। श्री सिद्दीकी गुरुवार को बांदा शहर में अपने आवास पर पत्रकारों के सवालों का जवाब दे रहे थे। उन्होंने कहा कि मर्दों को अपने-अपने स्टाइल में दाढ़ी रखने का शौक होता है। राहुल गांधी की दाढ़ी कैसी है, इससे भाजपा नेताओं के पेट में दर्द क्यों हो रहा है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी कांग्रेस के ऐसे नेता हैं जिन्होंने इतनी लंबी भारत जोड़ो यात्रा शुरू की है। भाजपा नेताओं को चाहिए कि वह राहुल गांधी की यात्रा पर टिप्पणी करने के बजाए इससे बड़ी यात्रा करके दिखाएं। उन्होंने यह भी कहा भारत ही नहीं दुनिया में किसी भी नेता ने आज तक इतनी लंबी पदयात्रा नहीं की है। यही वजह है कि आज उनकी यात्रा को लेकर समूचे विश्व में चर्चा हो रही है।

श्री सिद्दीकी ने निकाय चुनाव को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में कहा कि सरकार निकाय चुनाव में गड़बड़ी करने की साजिश रच रही है। बड़ी संख्या में फर्जी वोटरों को मतदाता सूची में शामिल किया गया है। उन्होंने उदाहरण देते हुए बताया कि जो मतदाता ग्राम पंचायत के चुनाव में मतदान करते हैं। उन्हीं मतदाताओं को शहर के कई मोहल्लों में जोड़ा गया है। इतना ही नहीं अगर कोई अलीगंज मोहल्ले का रहने वाला है तो उन्हें कंचन पुरवा में भी जोड़ा गया है। इस तरह से भाजपा द्वारा चुनाव में गड़बड़ी की साजिश रची जा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि अभी तक नगर पंचायत अध्यक्ष नगर पालिका अध्यक्ष व सभासदों के आरक्षण की घोषणा निर्वाचन आयोग ने सरकार के दबाव पर नहीं की है। इसमें भी गड़बड़ी की योजना बनाई जा रही है।

ये भी पढ़ें..शिक्षक नियुक्ति भ्रष्टाचारः कोर्ट की सख्ती के बाद हाजिर हुए शिक्षा...

कांग्रेस नेता ने यह भी कहा कि पिछले दिनों जिला अस्पताल में एक किशोरी के साथ दुष्कर्म की घटना की कोशिश हुई। जिसकी कांग्रेस द्वारा निंदा की जाती है। मैं इस मसले में पीड़िता से मिलूंगा। इसी तरह उन्होंने बताया कि जिले में मेरे मंत्रित्वकाल में जो कार्य शुरू किए गए थे वह अभी भी अधूरे हैं। कृषि विश्वविद्यालय में 48 महाविद्यालय संचालित होने चाहिए, जो अभी तक शुरू नहीं हो पाए। इसी तरह मेरे ही कार्यकाल में औगासी और मरका पुल का निर्माण शुरू हुआ था जिनके कार्य लगभग 60 फीसदी हो चुके थे। 11 साल बाद भी शेष काम यह सरकार पूरा नहीं करा पाई है।

अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक औरट्विटरपर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें…