प्रदेश Featured महाराष्ट्र क्राइम

सात करोड़ रुपये के नकली नोट के साथ 7 गिरफ्तार

two-thousand-rupee-

मुंबईः मुंबई के दहिसर व अंधेरी इलाके में मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच ने सात करोड़ रुपये के नकली नोट सहित सात आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इन सभी आरोपितों को सेशन कोर्ट में पेश किया जहां से सभी को 31 जनवरी तक पुलिस कस्टडी में भेज दिया है। इस मामले की गहन छानबीन मुंबई क्राइम ब्रांच पुलिस कर रही है।

बुधवार देर शाम मुंबई क्राइम ब्रांच के पुलिस अधिकारी विनायक चव्हाण ने बताया कि दिल्ली से नकली नोट लाए जाने की गोपनीय जानकारी मिली थी। इसी आधार पर क्राइम ब्रांच पुलिस ने आज अंधेरी व दहिसर में पुलिस ने जाल फैला रखा था। जैसे ही ओला गाड़ी में आरोपितों के आने की पुष्टि हुई पुलिस ने छापा मारा। इस कार्रवाई में पुलिस ने कार से सात करोड़ के नकली नोट बरामद किए।

इसके बाद क्राइम ब्रांच पुलिस ने सात लोगों को गिरफ्तार कर लिया। बरामद सभी नकली नोट दो हजार नोट हैं। पुलिस ने आरोपितों के पास से सात मोबाइल फोन, आधारकार्ड, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, मतदाता परिचय पत्र तथा 28 हजार 170 रुपये नगद बरामद किए गए हैं। कोर्ट से सभी की कस्टडी मिलने के बाद पुलिस आरोपितों से गहन पूछताछ कर रही है।