महाराष्ट्र

भारत बंदः महाराष्ट्र में दिखा मिला-जुला असर, दुकानें और परिवहन सेवाएं रही सामान्य

New Delhi : Farmers blocking the Delhi Meerut expressway near Ghazipur border as a nationwide Bharath Bandh called by the agitating farmers against the three farm laws in New Delhi on Monday, September 27, 2021. (Photo: Anupam Gautam/ IANS)
भारत बंद

मुंबईः मुंबई सहित समूचे महाराष्ट्र में संयुक्त किसान मोर्चा की ओर से सोमवार को आयोजित भारत बंद का मिलाजुला असर देखने को मिला। दुकानें और परिवहन सेवाएं सामान्य रही। संयुक्त किसान मोर्चा के समर्थन में गैर भाजपा दलों के कार्यकर्ताओं ने मुंबई, पुणे, नागपुर, नासिक एवं हिंगोली आदि जिलों में तीन कृषि सुधार कानूनों के विरोध में नारेबाजी की। संयुक्त किसान मोर्चा की ओर से सोमवार को सुबह 6 से शाम 4 बजे तक भारत बंद आहूत किया गया। मुंबई के अंधेरी, जोगेश्वरी और गोरेगांव में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आंदोलन किया।

ये भी पढ़ें.. IPL 2021: जीत के बाद कोहली ने की मैक्सवेल और हर्षल पटेल की जमकर तारीफ

इस आंदोलन में गैर भाजपा दलों के कार्यकर्ता शामिल हुए। ठाणे में कांग्रेस और राकांपा कार्यकताओं ने प्रदर्शन किया। पुणे जिले के राकांपा, कांग्रेस, शिवसेना,आम आदमी पार्टी, शेकाप ने मिलकर आंदोलन किया। इस दौरान यहां के सभी व्यापारिक प्रतिष्ठान बंद रहे। पुणे में विभिन्न कामगार संगठनों ने भारत बंद का समर्थन किया था। साथ ही पुणे एपीएमसी मार्केट, नवी मुंबई एपीएमसी मार्केट भारत बंद के समर्थन में बंद रखे गए थे। पुणे ट्रेडर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष मधुकर गराड ने कहा कि केंद्र सरकार को तीनों कृषि कानूनों को वापस लेना चाहिए।

शेतकरी स्वाभिमानी पक्ष के राजू शेट्टी ने कोल्हापुर में और माकपा नेता नरसैया आडंब के नेतृत्व में सोलापुर में प्रदर्शन किया गया। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष नाना पटोले के नेतृत्व में आकोला जिले में मोटरसाइकिल रैली निकाली गई। नागपुर जिले में महाराष्ट्र राज्य किसान सभा के पदाधिकारी अरुण वारकर के नेतृत्व में हाइवे पर यातायात बाधित किया गया। इसी तरह यवतमाल, गोंदिया, हिंगोली और परभणि में भी भारत बंद के समर्थन में प्रदर्शन किया गया, लेकिन कहीं से किसी अप्रिय घटना की खबर नहीं है।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर  पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें…)