मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी, राज्य में इस दिन हो सकती है बारिश

जम्मूः कश्मीर घाटी में पारा जहां एक ओर शून्य से नीचे बना हुआ है वहीं दूसरी ओर जम्मू संभाग में सुबह के कोहरे के बाद तेज धूप निकल रही है। जिससे दिन में लोगों को अब गरमी का हल्का एहसास होना शुरू हो गया है। दिन में धूप इतनी तेज होती है कि गरम कपड़ों में अब गर्मी लगना शुरू हो रही है। शाम होते-होते संभाग में तापमान नीचे चला जाता है। जम्मू शहर में अब सुबह और रात में ही लोग गर्म कपड़े पहन रहे हैं। आज बसंत पंचमी के साथ ही मौसम में और बदलाव होगा और धीरे धीरे मौसम सुहावाना होता जाएगा।

वहीं मौसम विभाग ने मुख्य रूप से जम्मू और कश्मीर के मैदानी इलाकों में शुष्क मौसम की भविष्यवाणी की है और 22 फरवरी को कुछ इलाकों में बारिश की संभावना जताई है। जम्मू-कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी सहित कश्मीर घाटी में न्यूनतम तापमान में थोड़ी गिरावट आई है।

यह भी पढ़ेंः-चेन्नई टेस्ट : भारत जीत से तीन विकेट दूर, इंग्लैंड ने दूसरी पारी में 116 रन पर खोये सात विकेट

श्रीनगर में शून्य से नीचे 0.9 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। जम्मू-कश्मीर के प्रवेशद्वार क़ाज़ीगुंड में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 2.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि पहलगाम के विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्थल में पारा शून्य से नीचे 4.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। कोकेरनाग में शून्य से नीचे 0.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। कुपवाड़ा में पारा शून्य से नीचे 2.8 डिग्री सेल्सियस जबकि विश्व प्रसिद्ध स्कीइंग रिसॉर्ट गुलमर्ग में शून्य से नीचे 4.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।