Featured लाइफस्टाइल हेल्थ

इम्यूनिटी बढ़ाने के साथ ही स्ट्रेस को भी दूर करते है गुणकारी खरबूजे के बीज

नई दिल्लीः गर्मियों की शुरूआत हो चुकी है। गर्मियां आते ही गर्मी में बिकने वाले सीजनल फल चारों ओर दिखने शुरू होते हैं। खरबूज, तरबूज, आम, अमरूद और नाशपाती आदि गर्मियों में बिकने वाले सीजनल फल हैं। गर्मियों में तरबूज और खरबूज हर किसी का पसंदीदा फल होता है, क्योंकि इसकी तासीर ठंडी होती है और ये हमारे शरीर को हाइड्रेट रखता है। सिर्फ खरबूज ही नहीं, बल्कि इसके बीज भी सेहत के लिए काफी फायदेमंद माने जाते हैं। खरबूजे के बीज में बहुत से गुण पाए जाते हैं जो सेहत के लिए खूब लाभकारी होते हैं। इसमें कई पोषक तत्व पाए जाते हैं जैसे- विटामिन ए, सी, ई, के, नियासिन, जिंक, मैग्नीशियम इत्यादि। इन पोषक तत्वों से शरीर की कई समस्याएं दूर होती हैं। जानते हैं इसके गुणों के बारे में।

आंखों के लिए हैं उपयोगी
खरबूजे के बीज में पोटैशियम भरपूर रूप से होता है। पोटैशियम युक्त आहार का सेवन करने से ब्लड प्रेशर को कम किया जा सकता है, इसको खाने से स्ट्रोक का खतरा भी कम रहता है। विटामिन ए और बीटा कैरोटीन से भरपूर खरबूजे के बीजों को आंखों के लिए काफी उपयोगी और फायदेमंद माना जाता है। नियमित रूप से खरबूजे के बीजों का सेवन करने से मोतियाबिंद होने के खतरे को कम किया जा सकता है। साथ ही यह आंखों की रोशनी को प्रोटेक्ट करने में भी लाभकारी है।

गर्भवस्था में फायदेमंद
खरबूजे के बीजों में फोलेट पाया होता है, जो आपके शरीर से अतिरिक्त सोडियम को हटा देता है। ऐसे में गर्भवती महिलाओं में वॉटर रिटेशन की समस्या कम हो सकती है। इसलिए गर्भवती महिलाओं के लिए भी खरबूजे का बीज फायदेमंद हो सकता है। हालांकि, गर्भावस्था में एक्सपर्ट की सलाह के अनुसार ही इसका सेवन करें।

इम्यूनिटी बढ़ाए
खरबूजे के बीजों को अपने आहार में शामिल करने से आपके शरीर को भरपूर रूप से विटामिन सी प्राप्त होता है। इसका सेवन करने से ब्लड में व्हाइट ब्लड सेल्स की कोशिकाओं को बढ़ाया जा सकता है। ब्लड में व्हाइट ब्लड सेल्स बढ़ने से इम्यूनिटी बेहतर हो सकती है।

ये भी पढ़ें..जल्द मिलेगी गर्मी से राहत, मंगलवार से बदलेगा मौसम, बारिश के...

कब्ज-एसिडिटी करे दूर
खरबूजे के बीज गैस और पेट में बनने वाले एसिड से भी राहत पहुंचाते हैं। इन बीजों में पाया जाने वाला न्यूट्रल पीएच एसिड रिफ्लक्स या पेट की अन्य समस्याओं को दूर करने में प्रभावी हो सकता है। कब्ज, गैस, एसिडिटी जैसी समस्या को दूर करने के लिए आप खरबूजे के बीजों को खा सकते हैं।

तनाव करे कम
खरबूजे के बीजों का सेवन करने से मस्तिष्क में ब्लड सर्कुलेशन बेहतर होता है, जो आपके मस्तिष्क को शांत करता है। ऐसे में खरबूजे के बीजों का सेवन करने से चिंता करने की परेशानी दूर हो सकती है।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर  पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें…)