Featured टॉप न्यूज़

त्रिपुरा के 11वें मुख्यमंत्री बने माणिक साहा, पद एवं गोपनीयता की ली शपथ

manik saha

अगरतलाः त्रिपुरा भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष एवं राज्यसभा सदस्य माणिक साहा ने रविवार को राज्य के 11वें मुख्यमंत्री के रूप में पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। राज्यपाल सत्यदेव नारायण आर्य ने यहां राजभवन में आयोजित समारोह में शपथ दिलाई। फिलहाल माणिक साहा ने अकेले शपथ ग्रहण किया है। उनके मंत्रिमंडल का विस्तार कुछ दिन बाद होने के कयास लगाए जा रहे हैं। मंत्रिमंडल में कौन-कौन होगा। यह अभी साफ नहीं है।

भाजपा नेता बिप्लब कुमार देब के शनिवार को पद से इस्तीफा देने के बाद राज्य के 11वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने वाले 69 वर्षीय डॉ. माणिक साहा को सर्वसम्मति से विधायक दल की बैठक में नेता चुना गया था। राज्य में अचानक उत्पन्न हुए राजनीतिक उठापटक से जनता आश्चर्यचकित है। वहीं शपथ लेने के बाद माणिक साहा ने कहा कि वह प्रधानमंत्री मोदी और भाजपा के विकास के मुद्दे को लेकर ही राज्य में काम करेंगे। साथ ही उन्होंने कहा कि त्रिपुरा के विकास कार्यो के साथ ही राज्य में कानून-व्यवस्था बनाए रखना ही मुख्य मुद्दा होगा।

ये भी पढ़ें..भीषण सड़क हादसा: अनियंत्रित ट्रेलर की चपेट में आई दो कारें,...

माणिक साहा 2016 में कांग्रेस छोड़ भाजपा में हुए थे शामिल
वर्ष 2016 में कांग्रेस छोड़ने के बाद माणिक साहा भाजपा में शामिल हो गए थे। 2020 में उन्हें पार्टी का प्रमुख बनाया गया था। इस साल मार्च में उन्हें राज्यसभा भेजा गया। वर्ष 2023 में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले मुख्यमंत्री बदलना किसी के गले नहीं उतर रहा है। राज्यपाल सत्यदेव नारायण आर्य को अपना इस्तीफा सौंपने के बाद बिप्लब देब ने कहा कि उन्होंने पूरे दिल से राज्य के लोगों की सेवा की है। देब ने राज्य के पहले भाजपा मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी। भाकपा के गढ़ त्रिपुरा में 2018 में भाजपा की जीत में उनका अहम योगदान माना जा रहा है।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक औरट्विटरपर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें…