प्रदेश बिहार Featured

एसएसबी कैंप में बड़ा हादसा, करंट लगने से तीन जवानों की मौत, नौ घायल

सुपौलः सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की 45 वीं बटालियन के वीरपुर कैंप में शुक्रवार को एक बड़ा हादसा हो गया। करंट लगने से 3 ट्रेनी जवानों की मौत हो गई जबकि 9 जवान गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तत्काल ललित नारायण अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए चार जवानों को दरभंगा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। जबकि पांच जवानों का इलाज अनुमंडलीय अस्पताल में ही चल रहा है। हादसे के बाद कैंप में अफरा तफरी का माहौल है।

मिली जानकारी के अनुसार 45 वीं बटालियन के कमांडेंट एचके गुप्ता का तबादला के बाद उनके सम्मान में विदाई समारोह का आयोजन एक टेंट में किया गया था। उसी टेंट को शुक्रवार दोपहर करीब साढ़े 12 बजे ट्रेनी जवान खोल रहे थे। इसी दौरान टेंट के ऊपर से गुजर रहे हाई वोल्टेज तार में एल्युमिनियम का एक पाइप सट गया। सभी जवान एक जगह ही काम कर रहे थे इसलिए एक साथ कई लोग करंट की चपेट में आ गए।

यह भी पढ़ें-पंजाब को दहलाने की साजिश ! अमृतसर में भारी मात्रा में RDX बरामद, छवनी में तब्दील हुआ इलाका

इसमें महाराष्ट्र निवासी अतुल पाटील (30), परशुराम सबर (24) एवं महेंद्र चंद्र कुमार बोपचे (28) की मौत मौके पर ही हो गई। करंट से घायल जवान नरसिंह चौहान, के. चंद्रशेखर, परितोष अधिकारी, मांडवे राजेंद्र, मो. शमशाद, सुकुमार वर्मा, सोना लाल यादव एवं आनंद किशोर को अनुमंडल अस्पताल लाया गया। प्रारंभिक इलाज के बाद चार घायल जवानों को रेफर कर दिया गया है।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर  पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें…)