Maharashtra crisis: संकट में उद्धव सरकार, 30 जून को साबित करना होगा बहुमत

Maharashtra crisis

मुंबईः महाराष्ट्र में सियासी संकट (Maharashtra crisis) गहराता ही जा रहा है। महाराष्ट्र में शिवसेना विधायकों की बगावत से अल्पमत में आई उद्धव ठाकरे सरकार की उल्टी गिनती शुरू हो गई। इस बीच राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने शिवसेना-राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी-कांग्रेस की सत्तारूढ़ महा विकास अघाड़ी सरकार से 30 जून (गुरुवार) को बहुमत साबित करने को कहा है। मंगलवार देर रात राजभवन द्वारा महाराष्ट्र विधानमंडल सचिव को एक पत्र जारी किया गया था। जिसके तुरंत बाद विपक्षी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल से मुलाकात की और उनसे बहुमत साबित करने के लिए एमवीए को तत्काल निर्देश देने का आग्रह किया।

राज्यपाल ने बुलाया विशेष सत्र

राज्यपाल ने गुरुवार को महाराष्ट्र विधानसभा (Maharashtra crisis) का विशेष सत्र बुलाया है। राज्यपाल ने कहा, “मैंने सीएम को एक पत्र जारी कर 30.06.2022 को सदन में बहुमत साबित करने का आह्वान किया है। कार्यवाही सुबह 11 बजे शुरू होगी और शाम 5 बजे समाप्त होगी। गुरुवार को कार्यवाही की वीडियोग्राफी की जाएगी और इसका सीधा प्रसारण किया जाएगा।” इस बीच, ऐसे संकेत हैं कि शिवसेना इस मामले में तत्काल सुनवाई के लिए सुप्रीम कोर्ट का रुख कर सकती है, क्योंकि अटकलों के बीच ठाकरे दिन में होने वाली कैबिनेट बैठक में कुछ कठोर कदम उठा सकते हैं।

भाजपा और शिंदे गुट के बीच सरकार गठन का फाॅर्मूला तय

सूत्रों की माने तो भाजपा और शिंदे गुट के बीच सरकार गठन का फाॅर्मूला तय हो चुका है। संख्याबल को देखते हुए माना जा रहा है कि सीएम ठाकरे बहुमत साबित नहीं कर पाएंगे। भाजपा ने सभी विधायकों को 29 जून तक मुंबई पहुंचने के लिए कहा है। बागी गुट के विधायक भी गुरुवार तक मुंबई लौट सकते हैं। इससे पहले देवेंद्र फडणवीस के मंगलवार को दिल्ली में गृह मंत्री अमित शाह व भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात के दौरान वरिष्ठ वकील महेश जेठमलानी भी मौजूद थे। शिंदे गुट के समर्थन से सरकार बनाने से जुडे़ सभी कानूनी पहलुओं पर भाजपा जेठमलानी से राय ले रही है।

महाराष्ट्र की नई सरकार में फडणवीस को मुख्यमंत्री और एकनाथ शिंदे को उपमुख्यमंत्री बनाने पर सहमति बनी है। इसके अलावा शिंदे गुट को 8 कैबिनेट व 5 राज्यमंत्री पद मिल सकते हैं। जबकि भाजपा में मुख्यमंत्री सहित 29 मंत्री होंगे। शिंदे गुट में 9 मंत्री हैं। ऩई सरकार में इन सभी का पद बरकरार रहेगा। अन्य विधायक भी मंत्री बन सकते हैं।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)