Maha Kumbh 2025, लखनऊः विश्व हिंदू परिषद हिंदू धर्म के गौरव के उत्थान और पुनरुद्धार के लिए प्रयागराज महाकुंभ (Maha Kumbh) में कई राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रम आयोजित करेगी। महाकुंभ में ही विहिप के केंद्रीय मार्गदर्शक मंडल और केंद्रीय न्यास मंडल की बैठक प्रस्तावित है। विहिप ने 16 जनवरी से 25 फरवरी तक राष्ट्रीय कार्यक्रमों की योजना बनाई है। ये सभी कार्यक्रम मेला क्षेत्र में स्थापित विहिप के शिविर में होंगे।
Maha Kumbh 2025: संत सम्मेलन में इन मुद्दों पर होगी चर्चा
जानकारी के मुताबिक महाकुंभ (Maha Kumbh) में विहिप के लगभग सभी आयामों के राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रम होंगे। सबसे पहले 16 जनवरी से तीन दिनों तक अखिल भारतीय मातृशक्ति और दुर्गा वाहिनी के अभ्यास वर्ग होंगे। इसके बाद 19 जनवरी को पूरे उत्तर प्रदेश का मातृशक्ति सम्मेलन होगा। इसके बाद 25 और 26 जनवरी को संत सम्मेलन होगा। 31 जनवरी को वेद विद्यालय और संस्कृत आयाम से संबंधित सेमिनार और सम्मेलन होंगे। 06 फरवरी को विहिप के प्रांत, क्षेत्र और सभी राष्ट्रीय पदाधिकारियों की बैठक होगी। बैठक में सामाजिक समरसता, गौ सेवा और गौ संरक्षण जैसे विषयों पर चर्चा होगी। बजरंग दल 10 फरवरी को अखिल भारतीय बैठक करेगा। महाकुंभ (Maha Kumbh) में धर्म प्रचार से जुड़े संतों की बैठक होगी।
Maha Kumbh 2025: हिंदू समाज को जोड़ने का प्रयास
इसके अलावा गौ संरक्षण और सामाजिक समरसता के क्षेत्र में काम करने वाले पदाधिकारियों की बैठक होगी। 23 फरवरी को वनवासी कल्याण आश्रम का सम्मेलन होगा। सबसे खास बात यह है कि महाकुंभ के दौरान किसी भी प्रमुख स्नान पर्व के दिन विहिप का कोई बड़ा कार्यक्रम निर्धारित नहीं किया गया है। आयोजन की तैयारियां विहिप के केंद्रीय मंत्री कोटेश्वर की देखरेख में की जा रही हैं।
यह भी पढ़ेंः-Parliament Winter Session: अविश्वास प्रस्ताव पर जमकर हंगामा, इतने दिन नहीं होगी कार्यवाही
विश्व हिंदू परिषद के क्षेत्रीय संगठन मंत्री गजेंद्र सिंह ने बताया कि महाकुंभ (Maha Kumbh) में भारत के हर प्रांत और क्षेत्र से हिंदू समाज जुटेगा। उन्होंने कहा कि मेला क्षेत्र में विहिप के शिविर का कार्य प्रगति पर है। यहां कार्यकर्ताओं के लिए भोजन और आवास की सुविधा रहेगी। सभी आयोजनों को सकुशल संपन्न कराने के लिए समिति का गठन किया गया है।
(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)