प्रदेश राजस्थान क्राइम

प्रेमी जोड़े ने जहर खाकर लगाया मौत को गले, सुसाइड नोट में लिखी ये बात

sucide-crime

झज्जर: जिले के बहादुरगढ़ में दिल्ली-रोहतक रोड स्थित अल्कजा होटल में एक प्रेमी जोड़े ने मौत को गले लगा लिया। दोनों एक ही कमरे में गम्भीर हालत में मिले। दोनों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई। कमरे से एक सुसाइड नोट भी पुलिस को बरामद हुआ है। सुसाइड नोट में मौत के लिए दोनों ने खुद को ही जिम्मेदार ठहराया है। सेक्टर-6 थाना पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है।

एफएसएल टीम को भी मौके पर बुलाया गया। दोनों मृतकों की पहचान हो गई है। दोनों शादी शुदा और बाल-बच्चे वाले थे। व्यक्ति की पहचान जितेंद्र के रूप में हुई है। वह गांव सराय औरंगाबाद का रहने वाला था, जबकि महिला नयाबांस गांव की विवाहिता थी। दोनों गुरुवार की रात करीब दस बजे बहादुरगढ़ में रोहतक रोड स्थित अल्कजा होटल में आए थे। उन्होंने कमरा नम्बर 307 बुक कराया। इसी दौरान दोनों ने जहरीला पदार्थ निगल लिया। इससे इनकी तबीयत बिगड़ गई। खुद ही इन्होंने फोन कर जहर निगलने की जानकारी होटल में रिसेप्शन पर थी। इसके बाद होटल के कर्मचारी कमरे में गए तो दोनों की हालत खराब थी। आनन-फानन में इनको नजदीक स्थित नागरिक अस्पताल ले जाया गया।

जहां दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद पीजीआईएमएस रोहतक रेफर कर दिया गया। वहां पीजीआई पहुंचने पर इलाज के दौरान जितेंद्र की मौत की पुष्टि कर दी गई। जबकि कुछ घंटे बाद सुबह महिला ने भी दम तोड़ दिया। सेक्टर-6 थाना पुलिस को सूचना दी गई। आनन-फानन में पुलिस मौके पर पहुंची। शव पीजीआई रोहतक के पोस्टमार्टम हाउस में रखवा दिए हैं। परिजनों के बयान के बाद पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू होगी। सेक्टर-6 थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सुनील कुमार ने बताया कि केस दर्ज कर लिया गया है।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)