
रांचीः झारखंड विधानसभा के अंदर नमाज अदा करने के लिए एक विशेष कमरा आवंटित करने के मुद्दे को लेकर बुधवार को भाजपा ने विधानसभा का घेराव करने की कोशिश की। वहीं विरोध प्रदर्शन कर रहे भाजपा कार्यकर्ताओं पर पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। जिसमें राज्य इकाई के प्रमुख दीपक प्रकाश सहित कई भाजपा कार्यकर्ता कथित तौर पर घायल हो गए। इस दौरान भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बेहोश होकर सड़क पर गिर गए।
ये भी पढ़ें..टी-20 वर्ल्ड कप के लिए टीम इंडिया का ऐलान, धवन-चहल बाहर, इन खिलाड़ियों को मिला मौका
इसके अलावा बीजेपी नेता आरती कुजूर पर भी लाठीचार्ज किया गया। ओबीसी मोर्चा के अमरदीप यादव लाठीचार्ज में घायल हुए हैं। वहीं भाजपा विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी ने बुधवार को मीडिया से कहा, पुलिस लाठीचार्ज में निर्दोष पार्टी कार्यकर्ताओं और महिलाओं सहित कई भाजपा कार्यकर्ता घायल हो गए।
नमाज के आवंटित कमरे के विरोध में उतरी भाजपा
बता दें कि विधानसभा परिसर के अंदर नमाज अदा करने के लिए अलग कमरा आवंटित करने की अधिसूचना के विरोध में नाराजगी व्यक्त करने के लिए सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ता विधानसभा में एकत्र हुए। कुछ भाजपा कार्यकर्ताओं ने विधानसभा परिसर में प्रवेश करने से रोकने के लिए पुलिस द्वारा लगाए गए बैरिकेड्स को तोड़ने की भी कोशिश की। पुलिस ने लाठीचार्ज करने से पहले वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। भाजपा झारखंड अध्यक्ष दीपक प्रकाश के हाथ में चोट लगने की खबर है।
मरांडी ने दावा किया कि उन पर हमला करने की भी कोशिश की गई, लेकिन उनकी सुरक्षा के लिए तैनात जवानों ने उन्हें बचा लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य की हेमंत सोरेन सरकार असहमति की सभी आवाजों को दबाना चाहती है। उन्होंने कहा कि विधानसभा में एक विशेष समुदाय के लिए एक कमरे का आवंटन सही नहीं है और पार्टी ऐसे सभी तुष्टीकरण कार्यो का विरोध करेगी। घटना में घायल हुए भाजपा कार्यकर्ताओं को धुर्वा के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें…)