इंडोनेशिया में भूस्खलन से भारी तबाही, मरने वालों की संख्या 30 के पार, अभी भी कई लापता

landslide-in-indonesia

landslide-in-indonesia

जकार्ताः इंडोनेशिया के सुदूर नतुना द्वीप में भीषण भूस्खलन से 30 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई। अभी कई लोग लापता बताए जा रहे हैं। भूस्खलन के बाद बचावकर्मियों ने मलबे में दबे लोगों को निकालने के बड़े पैमाने पर अभियान चलाया है। बचावकर्मी अब तक 32 लोगों के शव बरामद कर चुके हैं। भूस्खलन से हर तरफ तबाही का मंजर देखने को मिल रहा है।

राष्ट्रीय आपदा निवारण एजेंसी ने एक बयान में कहा कि दक्षिण चीन सागर के किनारे नतुना क्षेत्र में एक दूरस्थ द्वीप पर जेंटिंग गांव में मूसलाधार बारिश के बाद भूस्खलन में 30 मकान मलबे में दब गए थे। जेंटिंग गांव में बचाव व खोज अभियान चलाया जा रहा है। नतुना की खोज एवं बचाव एजेंसी के प्रमुख अब्दुल रहमान ने बताया कि खोज एवं बचाव कार्य में एजेंसी, पुलिस और सेना के 700 से अधिक बचावकर्मियों जुटे हैं। भूस्खलन के मलबे में दबे घरों में 24 और लोगों के फंसे होने की आशंका है। रहमान ने एक वीडियो बयान में कहा कि मौसम में सुधार की वजह से हम और शव बरामद कर पाए।

ये भी पढ़ें..होली पर यूपी रोडवेज ने 85 लाख लोगों को गंतव्य तक पहुंचाया, 105 करोड़ की हुई कमाई

राष्ट्रीय आपदा निवारण एजेंसी के प्रमुख सुहरयांतो ने गुरुवार को बताया कि आठ लोगों को मलबे से जिंदा निकाला गया, जिनमें से तीन की हालत गंभीर बनी हुई है। उन्होंने कहा कि घटनास्थल पर भारी बारिश के कारण बचाव अभियान प्रभावित हो रहा है। सुहरियांतो ने कहा कि हम लापता लोगों का पता लगाने की पूरी कोशिश कर रहे हैं।

उन्होंने बताया कि डॉग स्क्वायड का भी इस्तेमाल किया जा रहा है। जकार्ता और आसपास के द्वीपों से बचाव दल, चिकित्सा दल और टेंट, कंबल और भोजन सहित राहत सामग्री लेकर बुधवार को दो हेलीकॉप्टर और कई जहाज पहुंचे। सुहरयांतो ने बताया कि सोमवार को हुए भूस्खलन में करीब 1300 लोग बेघर हो गए, जिन्होंने अस्थाई आश्रय स्थलों में पनाह ली है।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)