Kuno Park: मध्य प्रदेश के श्योपुर जिले में स्थित कूनो राष्ट्रीय उद्यान से अच्छी खबर आई है। यहां एक बार फिर दो नन्हे चीता शावकों की किलकारियां गूंजी हैं। मंगलवार को मादा चीता वीरा ने दो नन्हे शावकों को जन्म दिया। इसके बाद कूनो में चीतों की कुल संख्या 26 हो गई है, जिसमें 14 शावक और 12 वयस्क चीते शामिल हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोशल मीडिया के जरिए यह जानकारी साझा करते हुए प्रदेशवासियों को बधाई दी है।
Kuno Park: मादा चीता वीरा ने दो शावकों को दिया जन्म
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मंगलवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स के जरिए कहा कि कूनो फिर नन्हे चीतों की किलकारियां से गूंज उठा। मध्य प्रदेश की ‘जंगल बुक’ में दो चीता शावकों ने दी दस्तक… मुझे यह जानकारी साझा करते हुए बहुत खुशी हो रही है कि मध्य प्रदेश की धरती पर चीतों की संख्या लगातार बढ़ रही है। आज मादा चीता वीरा ने दो शावकों को जन्म दिया है। मध्यप्रदेश की धरती पर चीता शावकों का स्वागत है और मैं इन शावकों के आगमन पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई देता हूँ।
उन्होंने आगे कहा कि चीता प्रोजेक्ट से जुड़े सभी अधिकारियों, डॉक्टरों और मैदानी अमले को बधाई, जिनके अथक परिश्रम के परिणामस्वरूप आज मध्यप्रदेश को ‘चीतों की धरती’ के नाम से भी जाना जाता है। प्रदेश में चीतों की संख्या में लगातार हो रही वृद्धि से प्रदेश में पर्यटन को नई गति मिल रही है, जिससे रोजगार के नए द्वार खुल रहे हैं। हम चीतों के साथ-साथ सभी वन्य जीवों के संरक्षण, संवर्धन और पुनर्स्थापन के लिए सदैव तत्पर हैं।
Kuno Park: कुनो पार्क में हैं 12 वयस्क चीते
गौरतलब है कि भारत में चीता प्रजाति करीब 70 साल पहले विलुप्त हो गई थी। चीतों की वापसी के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ‘प्रोजेक्ट चीता’ की शुरुआत की थी। केंद्र सरकार की इस महत्वाकांक्षी चीता परियोजना के तहत दक्षिण अफ्रीका और नामीबिया से 20 चीते लाकर मध्य प्रदेश के कुनो नेशनल पार्क में बसाए गए थे।
इनमें से नामीबिया से लाए गए आठ चीतों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 17 सितंबर 2022 को अपने जन्मदिन के अवसर पर कुनो के बाड़ों में छोड़ा था। इसके बाद दक्षिण अफ्रीका से 12 चीते यहां लाए गए। हालांकि इन 20 चीतों में से अब तक आठ की विभिन्न कारणों से मौत हो चुकी है। वर्तमान में कुनो में 12 वयस्क चीते हैं।
ये भी पढ़ेंः- Ranchi News : टोल प्लाजा पर गिरा हाई मास्ट लाइट का टावर , 2 लोगों की मौके पर मौत
Kuno Park में जन्मे शावकों के जन्म पर एक नजर
27 मार्च 2023 को मादा चीता ज्वाला ने चार शावकों को जन्म दिया। 3 जनवरी 2024 को चीता आशा ने तीन शावकों को जन्म दिया। फिर 22 जनवरी 2024 को एक और मादा ज्वाला ने चार शावकों को जन्म दिया। इसके बाद 10 मार्च 2024 को मादा चीता गामिनी ने छह शावकों को जन्म दिया।
अब वीरा ने दो शावकों को जन्म दिया है। वीरा के दो शावकों को जन्म देने के बाद भारत में पैदा हुए कुल चीता शावकों की संख्या 19 हो गई है, लेकिन इनमें से पांच शावकों की मौत हो चुकी है। फिलहाल कूनो में 14 शावक जीवित हैं। इनमें से कुछ शावक एक साल के होने वाले हैं।