देश Featured फोटो टॉप न्यूज़

Karva chauth: सुहागिनों ने निर्जला व्रत रह कर पति की लम्बी उम्र के लिए की प्रार्थना, देखें तस्वीरें..

20221013321L

लखनऊः वही चांद है, वही चांदनी है लेकिन कुछ तो है इस चांद में कि नजरें हटती नहीं और सादगी मिटती नहीं। मन में सुंदर भावनाओं के साथ सुबह सुहागिनों ने करवाचौथ व्रत का आरंभ किया। कार्तिक मास के कृष्ण पक्ष की चतुर्थी तिथि को सुहागिन महिलाओं ने पति की आरोग्यता, दीर्घायु और सुख-समृद्धि के लिए दिनभर निराजल व्रत रखा।

ये भी पढ़ें..रॉकेट हमलों के बीच कुर्द नेता अब्दुल लतीफ रशीद को चुना गया इराक का राष्ट्रपति

अखण्ड सुहाग का प्रतीक करवा चौथ का पर्व शहर में गुरुवार को मनाया गया। पति की दीर्घायु के लिए दिन भर निर्जल व्रत रखकर रात को चन्द्र दर्शन तथा अर्घ्य देकर सुहागिनों ने उपवास खोला। नव विवाहिताओं ने खासकर इस पर्व को अपने-अपने अंदाज में मनाया। वहीं कई स्थानों पर महिलाओं ने सामूहिक पूजा-अर्चना भी की।

गुरुवार की रात को छत पर महिलाएं चांद निकलने का इंतजार करती नजर आईं। काफी इंतजार के बाद रात करीब 8 बजकर 35 मिनट पर चन्द्रदेव के दर्शन हुए। जब रात को चांद निकला तो सभी घरों की छतों पर मेले जैसा माहौल दिखाई दिया। हल्दी, रोली, चावल, सिंदूर और चूडिय़ों से सजी थालियों को लेकर सभी सुहागिनें छत पर पहुंचीं। छलनी से पहले चांद और फिर अपने पति के चेहरे का दीदार किया। पति के हाथों पानी पीकर आशीर्वाद लिया और व्रत खोला। इस दौरान पतियों ने अपनी गृहलक्ष्मी को खुश करने के लिए उपहार भी भेंट किए।

करवा चौथ का पर्व गुरुवार को जिले भर में उल्लास उत्साह व उमंग के साथ मनाया गया। सुहागिनों ने पति पत्नी के बीच प्रेम और समर्पण के भाव के प्रतीक करवा चौथ का पर्व निर्जला व्रत रखकर किया और अपने पति की लंबी उम्र की कामना की। घर परिवार की सुख-समृद्धि, शांति और अमर सुहाग की कामना को लेकर सुहागिनों ने चंद्र देव को अर्घ्य दे कर पूजा अर्चना की।

महिलाओं ने सुबह से ही घर में खाना-व्यंजन, पकवान तैयार किए। शाम को पूजा के बाद बड़े बुजुर्गों के पैर छूकर आशीर्वाद लिया। घरों की छतों पर सुहागिनों का सैलाब सा नजर आया। सुहागिनों ने हाथों में पूजा की थाली लेकर चलनी से चंद्रमा को निहारा और विधि विधान से पूजा की पूजा के दौरान सुहागिनों ने करवा माता की कहानी भी सुनी।

वीडियो कॉलिंग कर देखा पिया का चेहरा

आधुनिकता ने दूर रह रहे लोगों को मिलाने का कार्य भी सहजता से पूरा किया है। जिन स्त्रियों के पति उनके साथ नहीं थे, उन्होंने मोबाइल पर वीडियो कॉलिंग के माध्यम से अपने पति का दीदार किया। कुछ महिलाओं ने बताया कि उनके पति काम के सिलसिले में शहर से बाहर गए हुए हैं वहीं कुछ ने बताया की मेरे पति सेना में है जो काम की व्यस्तता के कारण वे करवा चौथ पर घर नहीं आ पाए, इसलिए इस बार उन्होंने वैब-कैम अथवा वीडियो कॉल की सहायता से अपने पति को देखकर व्रत खोला और स्नेह आशीर्वाद प्राप्त किया।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)