ITBP के पर्वतारोहियों ने रचा इतिहास, माउंट डोम खांग को फतह कर लहराया तिरंगा

ITBP

नई दिल्लीः भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) के पर्वतारोहियों ने माउंट डोम खांग पर सफलतापूर्वक चढ़ाई कर इतिहास रच दिया है। माउंट डोम खांग सिक्किम में समुद्र तल से 7 हजार से भी अधिक मीटर की ऊंचाई पर मौजूद है। ITBP के प्रवक्ता विवेक पांडेय ने शनिवार को बताया कि आईटीबीपी के शीर्ष पर्वतारोहियों की एक टीम ने 22 और 23 सितम्बर को देश के ऊंचे पहाड़ों में से एक- माउंट डोम खांग पर सफलतापूर्वक चढ़ाई की है। यह देश के किसी भी दल द्वारा इस चोटी पर पहली सफल चढ़ाई की है।

ये भी पढ़ें..‘पे सीएम’ विवाद पर भड़के बोम्मई, बोले- कांग्रेस गंदी राजनीति कर रही

IMF के रिकॉर्ड के अनुसार यह किसी भी दल द्वारा इस चोटी पर पहली चढ़ाई है। उन्होंने कहा कि आईटीबीपी ने इसके साथ ही इस पर्वत पर चढ़ाई का नया मार्ग भी खोल दिया है जिससे भविष्य में लाचेन घाटी में पर्वतारोहण को बढ़ावा मिलेगा और सिक्किम में साहसिक खेलों और पर्यटन का विकास होगा। अभियान ने लगातार दो दिनों में रोप 1 और 2 के रूप में दो समूहों में चोटी पर चढ़ाई की। रोप 1 का नेतृत्व डिप्टी कमांडेंट अनूप कुमार ने किया।

जबकि रोप 2 का नेतृत्व कमांडेंट रतन सिंह सोनल ने किया। एक महिला सदस्य समेत टीम में कुल 13 कर्मी शामिल रहे। इस अभियान को आईटीबीपी के महानिदेशक डॉ सुजॉय एल थाउसेन ने ‘आजादी का अमृत महोत्सव’ के तत्वावधान में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में बल के एक महत्वपूर्ण चरण के रूप में 11 अगस्त को रवाना किया था। इस टीम का नेतृत्व एवरेस्टर कमांडेंट रतन सिंह सोनल ने किया।

उल्लेखनीय है कि 1962 में स्थापित, आईटीबीपी एक विशेष केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल है जो लद्दाख के काराकोरम से अरुणाचल प्रदेश के जचेप ला तक 3,488 किलोमीटर भारत-चीन सीमा पर तैनात है। बल को साहसिक खेलों के क्षेत्र में विशेष रूप से पर्वतारोहण, स्कीइंग, रिवर राफ्टिंग और अन्य पर्वतीय खेलों में विशेष उपलब्धियां प्राप्त हैं।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)