
इटावाः मैनपुरी लोकसभा उपचुनाव के लिए मतदान की तारीख जैसे-जैसे नजदीक आ रही है, वैसे-वैसे चुनाव प्रचार की सरगर्मियां तेज होती जा रही हैं। शुक्रवार को समाजवादी पार्टी की उम्मीदवार डिम्पल यादव ने जगह-जगह सभाएं की और डोर-टू-डोर कैम्पेनिंग कर जनता से समर्थन मांगा। मैनपुरी लोकसभा सीट से उपचुनाव मैदान में उतरी सपा उम्मीदवार डिम्पल यादव जगह-जगह सभाओं में शामिल होकर जनता से वोट मांग रही हैं। शुक्रवार को उन्होंने सैफई ब्लॉक में तबाड़तोड़ कई सभाएं कीं।
डिम्पल यादव ने एक के बाद एक सैफई, हैंवरा, नगला बरी, परासना, नगला सेवा, टिमरुआ, नगला मठिया, परासना समेत पूरे सैफई ब्लॉक क्षेत्र में सभाएं कीं। डिम्पल यादव ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि, यह मेरा नहीं है यह नेताजी (मुलायम सिंह यादव) का चुनाव है। आप लोगों का चुनाव है। सैफई नेताजी का घर है। मैं आप सबकी बहू हूं। आप लोग मेरे पक्ष में मतदान कर रिकॉर्ड मतों से जीत दिलवाएं।
ये भी पढ़ें..Nepal Election: बहुमत की ओर बढ़ रहा सत्तारूढ़ नेपाली कांग्रेस का…
उल्लेखनीय है कि सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव लोकसभा सीट मैनपुरी से सांसद थे। उनके स्वर्गवास के बाद इस सीट पर 05 दिसम्बर को उपचुनाव है। उधर, चाचा व प्रसपा अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव भी सपा प्रत्याशी व बहू डिम्पल यादव के लिए चुनाव मैदान में प्रचार की कमान संभालते हुए वोट मांग रहे हैं। पूर्व मंत्री शिवपाल यादव जसवंतनगर विधानसभा क्षेत्र में गांव-गांव में जाकर डोर-टू-डोर कैंपेनिंग करने में जुट गए हैं। वह नेताजी की सीट पर भारी मतों से सपा उम्मीदवार को जिताने की अपील कर रहे हैं।
अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक औरट्विटरपर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें…