CWG में निकहत और लवलीना संभालेंगी भारत की कमान, मैरीकॉम का सपना टूटा

लवलीना

नई दिल्लीः महिला विश्व चैंपियन निकहत जरीन और टोक्यो ओलंपिक खेलों की कांस्य पदक विजेता लवलीना बोरगोहेन बमिर्ंघम में होने वाले राष्ट्रमंडल खेलों में भारत के अभियान की अगुवाई करेंगी। निकहत, लवलीना, नीतू और जैस्मीन ने 28 जुलाई से 8 अगस्त तक होने वाले राष्ट्रमंडल खेलों के लिए बमिर्ंघम के लिए तीन दिवसीय ट्रायल के माध्यम से अपना टिकट पक्का कर लिया, जो शनिवार को यहां समाप्त हुआ। ट्रायल में विजयी होने के बाद निकहत 50 किग्रा वर्ग में, लवलीना 70 किग्रा, नीतू 48 किग्रा जबकि जैस्मिन 60 किग्रा वर्ग में भाग लेंगी।

ये भी पढ़ें..पैगंबर विवाद : विरोध प्रदर्शन के बीच नूपुर शर्मा के समर्थन में उतरे हजारों लोग

ट्रायल के फाइनल में नीतू ने 48 किग्रा वर्ग के फाइनल में मंजू राउत को 5-2 से हराया, जबकि निकहत ने 50 किग्रा वर्ग के फाइनल में मीनाक्षी को 7-0 से हराया। 60 किग्रा भार वर्ग में जैस्मिन ने परवीन को 6-1 से हराया। परवीन ने महिला वर्ल्ड बॉक्सिंग चैंपियनशिप में ब्रॉन्ज मेडल जीता था। लवलीना ने ट्रायल्स में 70 किग्रा के फाइनल में पूजा को 7-0 से हराया। टोक्यो ओलंपिक खेलों और विश्व चैंपियनशिप 2022 में देश की सफलता के बाद राष्ट्रमंडल खेलों में महिला मुक्केबाजी प्रतियोगिता से भारत को काफी उम्मीदें हैं।

बता दें कि अनुभवी भारतीय मुक्केबाज एमसी मैरी कॉम को घुटने में चोट लगने के बाद शुक्रवार को राष्ट्रमंडल खेलों के 48 किग्रा के ट्रायल के बीच में ही हटने के लिए मजबूर होना पड़ा। छह बार की विश्व चैंपियन 48 किग्रा सेमीफाइनल के पहले राउंड में अपना बायां घुटना मुड़ा बैठीं। इससे वह राष्ट्रमंडल खेलों में नहीं खेल पायेंगी, जिसमें वह पिछले 2018 चरण में स्वर्ण पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला मुक्केबाज बनी थीं।

उनके हटने से हरियाणा की नीतू ने यहां इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में राष्ट्रमंडल खेलों के ट्रायल के फाइनल में प्रवेश किया। भारतीय मुक्केबाजी महासंघ (बीएफआई) ने एक बयान में कहा, ‘छह बार की विश्व चैम्पियन मैरीकॉम शुक्रवार को लगी चोट के कारण 2022 राष्ट्रमंडल खेलों के लिये चल रहे महिला मुक्केबाजी ट्रायल्स से हट गयी हैं।’

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)