Uncategorized

मई में बढ़ा 24 फीसदी निर्यात, रिकॉर्ड स्तर पर बढ़ा व्यापार घाटा

15exports1_582

नई दिल्लीः रूस-यूक्रेन जंग के बीच निर्यात में अच्छी तेजी देखने को मिली है। देश का कुल निर्यात 24 फीसदी बढ़कर 62.21 अरब डॉलर पर पहुंच गया है। इसमें भारत का व्यापारिक निर्यात मई, 2022 में 20.55 फीसदी बढ़कर 38.94 अरब डॉलर पर, जबकि व्यापार घाटा बढ़कर रिकॉर्ड 24.29 अरब डॉलर के आंकड़े पर पहुंच गया है।

वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक व्यापारिक वस्तुओं का निर्यात वित्त वर्ष 2022-23 के मई, 2022 में 20.55 फीसदी बढ़कर 38.94 अरब डॉलर रहा। इस दौरान आयात भी 62.83 फीसदी बढ़कर 63.22 अरब डॉलर पर पहुंच गया है। इस तरह व्यापार घाटा बढ़कर रिकॉर्ड 24.29 अरब डॉलर पर पहुंच गया है, जबकि मई, 2021 में व्यापार घाटा 6.53 अरब डॉलर रहा था।

आंकड़ों के मुताबिक वित्त वर्ष 2022-23 के पहले दो महीनों अप्रैल-मई के दौरान निर्यात करीब 25 फीसदी बढ़कर 78.72 अरब डॉलर पर पहुंच गया। इस दौरान आयात भी 45.42 फीसदी बढ़कर 123.41 अरब डॉलर हो गया है। इसी तरह चालू वित्त वर्ष के पहले दो महीनों में व्यापार घाटा बढ़कर 44.69 अरब डॉलर रहा, जो एक साल पहले इसी अवधि में 21.82 अरब डॉलर था।

मंत्रालय के मुताबिक इंजीनियरिंग वस्तुओं का निर्यात आलोच्य महीने में 12.65 फीसदी बढ़कर 9.7 अरब डॉलर रहा है, जबकि पेट्रोलियम उत्पादों का निर्यात 60.87 फीसदी बढ़कर 8.54 अरब डॉलर रहा। रत्न एवं आभूषण का निर्यात मई, 2022 में बढ़कर 3.22 अरब डॉलर रहा, जबकि पिछले साल इसी महीने में यह 2.96 अरब डॉलर था।

यह भी पढ़ेंः-वरूण धवन-कियारा आडवाणी ने की मेट्रो की सवारी, वड़ा पाव खाने...

आंकड़ों के मुताबिक पेट्रोलियम और कच्चे तेल का आयात मई महीने में 10.72 फीसदी बढ़कर 19.2 अरब डॉलर पहुंच गया। कोयला, कोक और ब्रिकेट (कोयले के चूरे को लेकर बनाया गया ब्लॉक) का आयात भी उछलकर 5.5 अरब डॉलर रहा है, जो मई, 2021 में 2 अरब डॉलर था। इसी तरह सोने का आयात मई, 2022 में बढ़कर 6 अरब डॉलर रहा, जो पिछले साल इसी महीने में 67.7 करोड़ डॉलर था।

अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक औरट्विटरपर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें…