प्रदेश उत्तर प्रदेश आस्था

हमीरपुर: नवरात्रि के आखिरी दिन मंदिरों में मची महागौरी पूजा की धूम

MAHAGAURI

 

हमीरपुर: नवरात्रि पर्व के आखिरी दिन यहां मंदिरों में महागौरी की पूजा की धूम मच गयी है। सुबह से ही देवी मंदिरों में पूजा के लिये महिलाओं की भीड़ उमड़ी। कोरोना संक्रमण काल में भी मंदिरों में श्रद्धालुओं के पूजा करने से रौनक देखते ही बन रही है। ऐतिहासिक चौरादेवी मंदिर, गौरादेवी व शीतला देवी मंदिर में पूजा के बाद हवन कुंड में आहुतियां डाली गयीं।

नवदुर्गा पर्व पर शनिवार को महागौरी (सिद्धिदात्री) की पूजा करने का विधान है। मान्यता है कि आज के दिन पूजा-अर्चना करने से घर में समृद्धि आती है। इसीलिये घर-घर बड़े ही उत्साह के साथ महागौरी की पूजा-अर्चना की जा रही है। हमीरपुर नगर में दुर्गा माता, मां काली व अन्य देवियों के आधा दर्जन से अधिक प्राचीन मंदिर स्थापित है। सुबह से इन मंदिरों में महिलाओं की भीड़ पूजा पाठ के उमड़ पड़ी। मुस्लिम बाहुल्य क्षेत्र कजियाना मुहाल में ही सैकड़ों साल पुराने काली देवी के मंदिर में बड़ी संख्या में महिलायें पूजा करने पहुंची।

वहीं, हाथी दरवाजा और सैयदबाड़ा मुहाल में भी मां काली, जगदम्बे मां व गौरादेवी के मंदिर में पूजन पाठ चल रहा है। रमेड़ी में भी रोड किनारे मां काली की प्रतिमा पर पूजा के लिये लोगों का तांता लगा हुआ है। महिलायें बड़े ही विधि विधान से सिद्धदात्री मां की पूजा अर्चना के साथ ही मां कीला देवी की भी पूजा कर रही हैं। लोनिवि गेस्टहाउस के पास भी मां काली के दरबार में लोगों ने पूजा अर्चना की। यहीं पर श्रद्धालुओं ने कन्याओं को भोजन कराया।

यह भी पढ़ें- नारी सम्मान के बिना कभी खुश नहीं होंगी देवी मां : साध्वी ऋचा

कल्पवृक्ष पर भी महाकाली के मंदिर में पूजन पाठ का सिलसिला सुबह से शुरू हुआ दो देर रात तक चलेगा। इसके अलावा चौरादेवी व पतालेश्वर मंदिर सहित कई देवी स्थानों पर मां सिद्धदात्री की पूजा की धूम मची हुयी है। कई मंदिरों के बाहर लोगों ने हवन पाठ का भी आयोजन किया जिसमें श्रद्धालुओं की भीड़ भी उमड़ी। हमीरपुर शहर में स्थापित दर्जनों देवी पंडालों में मां सिदधदात्री की सामूहिक आरती कार्यक्रम में लोगों की भारी भीड़़ उमड़ी। महिला थाने के पास सजे देवी पंडाल में भी महिला पुलिस कर्मियों ने भी माता सिद्धिदात्री की पूजा विधि-विधान से की। यहां के पंडित सिद्ध गोपाल अवस्थी ने बताया कि सिद्धदात्री मां की पूजा-अर्चना से घर में खुशहाली आती हैं। नवदुर्गा पर्व के नौवें दिन सिर्फ सिद्धदात्री देवी की पूजा-अर्चना करने मात्र से नौ दिन का फल मिलता हैं। पूजा-अर्चना के बाद व्रत रखने वाले श्रद्धालुओं को कन्या भोज कराकर व्रत समाप्त करना चाहिये।

जनपद के मौदहा, राठ, कुरारा, सुमेरपुर और मुस्करा सहित ग्रामीण इलाकों में भी आज महागौरी की पूजा विधि-विधान से करने के बाद महिलाओं ने घर-घर कन्याओं को खीर-पूड़ी खिलायी। पंडित दिनेश दुबे ने बताया कि नवरात्रि के आठवें दिन महागौरी की पूजा बड़े ही विधि-विधान से करनी चाहिये। महागौरी की उपासना कर पूजा-अर्चना करने से जीवन भर के पाप नष्ट हो जाते है। मां की कृपा से मनुष्य के जीवन में समृद्धि आती है।

गौरादेवी मंदिर में सिद्धिदात्री देवी की पूजा के बाद हुआ हवन

हमीरपुर शहर के कालपी चौराहा के पास 40 फीट की ऊंचाई में स्थित गौरादेवी मंदिर में हजारों लोगों ने मां सिद्धदात्री की पूजा-अर्चना कर सामूहिक रूप से हवन कर अनुष्ठान किया। यहां विधि-विधान से हवन कर लोग आहुतियां दे रहे हैं। इस मंदिर परिसर पर ये अनुष्ठान सुबह से शुरू हुआ जो अभी भी जारी हैं।