प्रदेश हरियाणा राजनीति

भारत जोड़ो यात्रा में एकजुटता दिखाएगी हरियाणा कांग्रेस

congress
congress

चंडीगढ़ः कांग्रेस नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में देशभर में चलाई जा रही भारत जोड़ो यात्रा तीन दिन हरियाणा में रहेगी। एकजुटता का संदेश देने के लिए कांग्रेस इस यात्रा में राज्य के सभी जिलों के कार्यकर्ताओं को शामिल करेगी।

बुधवार को कांग्रेस अध्यक्ष उदयभान तथा नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा की अध्यक्षता में हुई बैठक में भारत जोड़ो यात्रा को लेकर मंथन किया गया। बैठक के बाद कांग्रेस अध्यक्ष उदयभान तथा नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने संयुक्त रूप से बताया कि भारत जोड़ो यात्रा 21 दिसंबर को फिरोजपुर झिरका से हरियाणा में प्रवेश करेगी। उसी दिन शाम के समय सोहना के अंबेडकर चौक पर जनसभा का आयोजन किया जाएगा। अगले दिन यह यात्रा पलवल जिलों में होते हुए शाम को फरीदाबाद में रुकेगी। तीसरे दिन विभिन्न कार्यक्रमों के बाद यात्रा दिल्ली में प्रवेश करेगी।

उन्होंने बताया कि इसको सफल बनाने के लिए कांग्रेस के सभी विधायकों, सांसदों, पूर्व सांसदों, पूर्व विधायकों की ड्यूटियां लगाई जाएंगी। इसके अलावा सभी जिलों से कार्यकर्ता तथा सामान्य लोग इस यात्रा में शामिल हों इसके लिए कमेटियों का गठन किया जाएगा। हुड्डा ने दावा किया कि आज की बैठक में सभी नेताओं ने भाग लिया है। ऐसे में कांग्रेस पार्टी पूरी तरह से एकजुट है। भारत जोड़ो यात्रा को सफल बनाने के लिए सभी नेता अपने-अपने स्तर पर काम करेंगे। कांग्रेस अध्यक्ष उदयभान ने बताया कि इस यात्रा के लिए अलग-अलग समितियों का गठन किया जाएगा, जिसके लिए पांच दिसंबर को चंडीगढ़ स्थित कांग्रेस मुख्यालय में बैठक बुलाई गई है।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)