प्रदेश हरियाणा राजनीति

मुख्यमंत्री करनाल और उपमुख्यमंत्री उचाना में लें हार की जिम्मेदारी: उदयभान

congress
कांग्रेस

चंडीगढ़ः हरियाणा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष चौ. उदय भान ने कहा कि कांग्रेस के खिलाफ बयानबाजी करने से पहले मुख्यमंत्री और उप-मुख्यमंत्री अपनी तरफ देखें, जो करनाल और उचाना में हार गए हैं। निकाय चुनाव परिणाम का ऐलान होने के बाद गुरुवार को उदयभान ने कहा कि सत्ता में गठबंधन के बावजूद करनाल में भाजपा को तो उचाना में जजपा को लोगों ने नकार दिया है।

मुख्यमंत्री अपने जिले करनाल की असंध, निसिंग और तरावड़ी तीनों सीट हार गए और उप-मुख्यमंत्री तो अपने विधानसभा चुनाव क्षेत्र उचाना से ही हार गए। भान ने सवाल किया कि क्या ये दोनों इस हार की नैतिक जिम्मेदारी लेने का साहस दिखाएंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा को ये नहीं भूलना चाहिए कि 2019 के विधानसभा चुनाव के बाद बरोदा और ऐलनाबाद के दो विधानसभा के उप-चुनाव हुए और सत्ता में रहते हुए भी भाजपा को दोनों ही जगह हार का स्वाद चखना पड़ा।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पिछली बार इन्हीं चुनावों में भाजपा ने 35 जगहों पर जीत हासिल की थी। इस बार जजपा से समझौता करने के बावजूद इस बार 21 जगहों पर ही जीत हासिल कर पायी। असली चुनाव को 2024 का विधानसभा चुनाव होगा। उन्होंने कहा कि हरियाणा निकाय चुनावों में कुल पड़े 12 लाख 71 हजार 782 वोटों में से निर्दलीय उम्मीदवारों को छह लाख 63 हजार 669 वोट मिले जो भाजपा को मिले तीन लाख 33 हजार 873 वोट से करीब दोगुने हैं।

यह भी पढ़ेंः-सलमान खान के साथ स्क्रीन शेयर करेंगे सम्राट अशोक फेम सिद्धार्थ...

उन्होंने कहा कि स्थानीय निकाय चुनाव में 888 वार्ड्स में से 815 निर्दलीय उम्मीदवार जीते हैं और हरियाणा निकाय चुनावों में प्रदेश की करीब 75 प्रतिशत जनता ने भाजपा को नकार दिया है और 4 में से 3 शहरी वोटरों ने अपना वोट भाजपा के खिलाफ दिया है। कुल पड़े 12,71,782 वोटों में से एक चौथाई यानी 3,33,873 वोट लेकर भाजपा भले ही खुश हो जाए लेकिन परिणाम से साफ है कि वोटर नाखुश हैं और भाजपा की उलटी गिनती शुरू हो चुकी है।

अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक औरट्विटरपर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें…