Haryana MC Election Date Announced: हरियाणा में नगर निगम चुनाव की घोषणा कर दी गई है। राज्य में नगर निगम चुनाव दो चरणों में होंगे। पहले चरण में सात नगर निगमों, चार नगर परिषदों और 21 नगर पालिकाओं के चुनाव एक साथ दो मार्च को होंगे। हालांकि मतदाता सूची में देरी के कारण पानीपत नगर निगम के चुनाव दूसरे चरण में नौ मार्च को होंगे।
Haryana MC Election: चुनाव आयुक्त धनपत सिंह ने किया चुनाव का ऐलान
हरियाणा चुनाव आयुक्त धनपत सिंह ने मंगलवार को चंडीगढ़ में चुनाव कार्यक्रम की घोषणा करते हुए बताया कि प्रदेश में पानीपत, गुरुग्राम, फरीदाबाद, मानेसर, हिसार, करनाल, रोहतक और यमुनानगर नगर निगमों तथा गुरुग्राम जिले में पटौदी, कुरुक्षेत्र जिले में थानेसर, सिरसा और अंबाला छावनी नगर परिषदों के चुनाव एक साथ होंगे।
इसके अलावा बराड़ा,फरुखनगर, नारनौल, बेरी, जुलाना, कलायत, सीवान, पुंडरी, इंद्री, बवानी खेड़ा, लोहारू, भिवानी, जाखल मंडी, नीलोखेड़ी, अटेली मंडी, कनीना, खरखौदा, रादौर नगर, तावडू, हथीन और कलानौर परिषदों के चुनाव भी एक साथ होंगे।
धनपत सिंह ने बताया कि अंबाला और सोनीपत में मेयर के विधायक बनने के बाद यहां मेयर पद के लिए उपचुनाव होंगे। गुरुग्राम जिले के सोहना में नगरपालिका अध्यक्ष पद के लिए उपचुनाव होना है। इसी प्रकार, जींद जिले के सफीदों, करनाल के असंध, तरावड़ी, कुरुक्षेत्र के इस्माइलाबाद, लाडवा में उपचुनाव की घोषणा आज की गई है।
सभी जिलों में आचार संहिता लागू
चुनाव आयुक्त ने बताया कि उक्त सभी क्षेत्रों में मंगलवार से ही चुनाव आचार संहिता लागू हो गई है। जिसके चलते यहां कोई नई घोषणा, किसी नई योजना का शिलान्यास और उद्घाटन आदि नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि संबंधित जिला निर्वाचन अधिकारी 5 फरवरी को अधिसूचना जारी कर अपने-अपने जिलों में चुनाव कार्यक्रमों की घोषणा करेंगे।
11 फरवरी से शुरू होगी नामांकन प्रक्रिया
प्रदेश के पानीपत नगर निगम को छोड़कर अन्य सभी निकायों में 11 फरवरी से नामांकन प्रक्रिया शुरू होगी। उन्होंने बताया कि 18 फरवरी को पानीपत की मतदाता सूचियों को अंतिम रूप दिया जाएगा। जिसके चलते वहां 21 फरवरी से 27 फरवरी तक नामांकन प्रक्रिया चलेगी। प्रदेश के अन्य निकायों के लिए 2 मार्च को तथा पानीपत नगर निगम के लिए 9 मार्च को मतदान होगा।
प्रदेश के सभी निकायों के लिए 12 मार्च को चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि चुनाव प्रक्रिया को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए प्रदेश भर में 25 हजार कर्मचारी तैनात किए जाएंगे। चुनाव के लिए करीब 4500 बूथ बनाए जाएंगे। जहां दस हजार ईवीएम लगाई जाएंगी।
ये भी पढ़ेंः- Delhi Election 2025 : मतदान से पहले परिवार संग हनुमान मंदिर पहुंचे केजरीवाल
Haryana MC Election Schedule: चुनाव कार्यक्रम
- नामांकन प्रक्रिया 11 से 17 फरवरी
- नामांकन की जांच 18 फरवरी
- नामांकन वापसी 19 फरवरी
- चुनाव चिन्ह आवंटन 19 फरवरी
- चुनाव प्रचार 19 से 28 फरवरी
- मतदान 2 मार्च को सुबह 8 बजे से शाम 6 बजे तक
- पानीपत नगर निगम
- नामांकन प्रक्रिया 21 से 27 फरवरी
- नामांकन जांच 28 फरवरी
- चुनाव चिन्ह आवंटन 28 फरवरी
- चुनाव प्रचार 01 मार्च से 07 मार्च
- मतदान 09 मार्च
- मतगणना 12 मार्च