राजनीति

Har Ghar Tiranga: भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने अपने आवास पर फहराया तिरंगा, लोगों से की खास अपील

jp-nadda

नई दिल्लीः भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने “आजादी के अमृत महोत्सव” में सहभागिता देते हुए “हर घर तिरंगा” (Har Ghar Tiranga) अभियान के तहत शनिवार को अपने आवास पर तिरंगा फहराया। इसके पश्चात् उन्होंने पार्टी के केंद्रीय कार्यालय में “विभाजन विभीषिका” प्रदर्शनी का अवलोकन किया। नड्डा ने शनिवार को “हर घर तिरंगा" (Har Ghar Tiranga) अभियान के तहत अपने आवास पर तिरंगा फहराते हुए देश की आजादी में अपना सर्वस्व न्यौछावर करने वाले वीर बलिदानियों को श्रद्धांजलि दी और देशवासियों से बढ़-चढ़ कर राष्ट्र यज्ञ के इस अभियान में अपना योगदान देने की अपील की।

ये भी पढ़ें..UKSSSC Paper Leak Case: एसटीएफ के हत्थे चढ़ा मास्टरमाइंड का राइट हैंड, इस तरह कराया पेपर लीक

इस अवसर पर जेपी नड्डा ने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि आजादी का अमृत काल चल रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आह्वान पर आजादी के गुमनाम सिपाहियों को श्रद्धांजलि देने, अगले 25 वर्षों में भारत को हर क्षेत्र में आगे बढ़ाने का संकल्प लेने और जन जन में देशभक्ति की भावना को जागृत करने के लिए आज से पूरे देश में हर घर तिरंगा अभियान की शुरुआत हो रही है। तिरंगा हमारी आन बाण शान का प्रतीक है।

भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान समस्त भारत को एक सूत्र में पिरो रहा है और देशवासियों में अपने राष्ट्र के लिए कुछ कर गुजरने को प्रेरित कर रहा है। उन्होंने कहा कि करोड़ों देशवासी अपने अपने घरों पर, दुकानों में, कार्यालयों में तिरंगा फहरा रहे हैं। पूरा भारत अटक से लेकर कटक तक और कश्मीर से लेकर कन्याकुमारी तक तिरंगे से आच्छादित हो रहा है। हम सभी देशवासी अद्भुत और ऐतिहासिक पल के गवाह बनने जा रहे हैं। नड्डा ने कहा कि भाजपा के करोड़ों कार्यकर्ता आज हर घर तिरंगा अभियान में अपना सहयोग दे रहे हैं। भाजपा देश के लगभग साढ़े आठ लाख बूथों पर हर घर तिरंगा कार्यक्रम का आयोजन कर रही है और बूथों पर तिरंगा फहराया जा रहा है।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)