प्रदेश उत्तर प्रदेश

रालोद के अवध प्रांत क्षेत्रीय अध्यक्ष चौधरी राम सिंह पटेल का अयोध्या में भव्य स्वागत

RLD-min

अयोध्याः राष्ट्रीय लोकदल के नवनियुक्त अवध प्रांत क्षेत्रीय अध्यक्ष चौधरी राम सिंह पटेल का कार्यकर्ताओं ने जनपद में भव्य स्वागत किया। इस अवसर पर राष्ट्रीय लोकदल के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष मनजीत सिंह मौजूद रहे। कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष मनजीत सिंह ने फैजाबाद में पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा व रालोद के नेता रहे पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मुन्ना सिंह चौहान प्रतिमा पर पुष्पांजलि देकर नमन किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि पार्टी को पूरी उम्मीद है कि चौधरी राम सिंह पटेल के नेतृत्व में अवध क्षेत्र में पार्टी और मजबूत होगी। इस समय पूरे प्रदेश में राष्ट्रीय लोक दल का सदस्यता अभियान चलाया जा रहा है। कार्यकर्ता सदस्यता अभियान को आगे बढ़ाने का काम करें।

श्री सिंह ने कहा कि इस समय देश में रोजगार खत्म हो गए हैं। महंगाई 4 गुना बढ़ गई है। चाहे डीजल हो, पेट्रोल हो, कीटनाशक दवाइयां हो, हर वस्तु के दाम चार गुना बढ़ गये हैं। वहीं किसान की फसल आधे दाम पर बिक रही है। पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक संतराम कुशवाहा ने कहा कि 2022 तक किसानों की आमदनी को दोगुना करने का दम भरने वाली भारतीय जनता पार्टी अपने सब वादे भूल गई है। किसानों की आय दोगुनी तो छोड़िए आधी रह गई है। किसानों को एमएसपी पर गारंटी नहीं दी जा रही है। देश में काले कानूनों के खिलाफ चल रहे आंदोलन में 850 शहीद हो गए हैं। उन किसानों को आज तक सरकार ने मुआवजा नहीं दिया है। कांग्रेस सरकारों में देश पर 59 हजार करोड़ का कर्जा था जो आज बढ़कर 139 हजार करोड़ हो गया है। देश कर्ज में डूब गया है।

ये भी पढ़ें..हरियाणवी डांसर सपना चौधरी ने कोर्ट में किया आत्मसमर्पण, जानें पूरा...

उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने कहा था कि देश में हर साल नौजवानों को दो करोड़ नौकरियां दी जाएंगी। जो नौजवानों को नहीं दी गई। सरकार ने केवल ठगने का काम किया है। देश को केवल धर्म के नाम पर बांटने का काम किया। पिछले 8 सालों में देश को गरीबी की ओर धकेल दिया है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के किसानों को सिंचाई के लिए बिजली मुफ्त देने की घोषणा की थी जो नहीं दिया। उन्होंने मांग करते हुए कहा कि भाजपा सरकार अपने घोषणापत्र में किये गये वादों को शीघ्र पूरा करें। वहीं नवनियुक्त अवध क्षेत्र अध्यक्ष चौधरी रामसिंह पटेल ने सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का आभार जताया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय लोक दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी जयंत सिंह ने हमेशा किसानों गरीबों मजदूरों की आवाज को बुलंद कर संघर्ष करने का काम किया है। इस मौके पर नेतराम वर्मा, राजेश तिवारी, अरविंद सिंह महन्थ, अमित पाण्डेय, राम लक्ष्मण कोरी, करियाराम वर्मा, प्रमोद श्रीवास्तव, हरिश्चन्द्र यादव, जयप्रकाश यादव, राममनोहर वर्मा, राममिलन वर्मा, सुमंतलाल वर्मा, विरेन्द्र मिश्रा, श्याम सिंह पटेल मौजूद रहे।

अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक औरट्विटरपर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें…