प्रदेश उत्तर प्रदेश क्राइम

यमुना नदी में स्नान के दौरान डूबे चार किशोर, तीन के शव बरामद, एक को सुरक्षित निकाला

31hs01_532

लखनऊः उत्तर प्रदेश के मथुरा जनपद के थाना सदर बाजार क्षेत्र अंतर्गत यमुना नदी में डूबे चार युवकों में से तीन किशोरों के शव गोताखोरों ने निकाल लिये। वहीं एक युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। पुलिस अधीक्षक नगर एमपी सिंह ने बताया कि चार किशोर यमुना में डूबे थे, पुलिस पीएसी और गोताखोरों की कड़ी मशक्कत के बाद शनिवार को तीन किशोरों के शव बरामद कर लिये है।

मिली जानकारी के अनुसार औरंगाबाद जाटव मोहल्ला निवासी चार किशोर अनिल (12), रेहान (13), कौशल (13) एवं शोफिया (12) दोस्त थे। चारों घर से यमुना में स्नान करने के लिए निकले थे। बैराज के गेट संख्या एक के समीप चारों किशोरों ने यमुना में छलांग लगा दी। स्नान के दौरान नदी में बहाव तेज होने के कारण चारों किशोर गहरे पानी में डूबने लगे। तभी यमुना किनारे गोताखोरों की नजर किशोरों पर पड़ी।

यह भी पढ़ेंःटोक्यो ओलंपिक: सिंधु को सेमीफाइनल मुकाबले में मिली हार, कांस्य पदक के लिए मुकाबला कल

गोताखोरों ने अनिल को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाल लिया। जबकि उसके तीनों साथी नदी में नहीं मिले। सूचना पाकर पहुंची सदर बाजार पुलिस, पीएसी और गोताखोर ने किशोरों की तलाश की लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। शनिवार को दो किशोर रेहान और कौशल का शव गोकुल बैराज के गेट संख्या 16 के समीप मिला। इसके बाद शोफिया का शव खरैरा घाट और घढ़ाया गांव के मध्य यमुना में मिला। किशोरों के शवों की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।